Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    छह साल का प्यार, मंदिर में शादी और फिर धोखा; धनबाद में न्याय के लिए भटक रही युवती

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 10:06 PM (IST)

    Dhanbad Love Story: छह साल के प्रेम संबंध के बाद मंदिर में शादी का दावा करने वाली धनबाद की एक युवती ने अपने पति और ससुराल वालों पर धोखाधड़ी, शारीरिक श ...और पढ़ें

    मंदिर में शादी के दाैरान विकास साव और खुशी कुमारी। (फोटो साैजन्य)

    मंदिर में शादी के दाैरान विकास साव और खुशी कुमारी। (फोटो साैजन्य)

    जागरण संवाददाता, धनबाद। छह वर्षों तक प्रेम संबंध में रहने के बाद मंदिर में शादी करने का दावा करने वाली एक युवती ने अपने कथित पति और उसके परिवारवालों पर धोखा देने, शारीरिक शोषण करने तथा लाखों रुपये के जेवर व नकदी हड़पने का आरोप लगाया है।

    पीड़िता ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

    धनबाद शहर के दुहाटांड़ कुम्हारपट्टी निवासी खुशी कुमारी का आरोप है कि झरिया वेस्ट कोइरीबांध निवासी विकास साव के साथ उसका करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान शादी का भरोसा देकर आरोपित और उसके परिवार ने पिता के इलाज, वाहन मरम्मत समेत अन्य जरूरतों का हवाला देकर 15 से 20 लाख रुपये के जेवर और नकदी ले लिए।

    पीड़िता के अनुसार, 25 मई को दोनों कोर्ट मैरिज के लिए पहुंचे थे, लेकिन अंतिम समय में युवक बिना हस्ताक्षर किए लौट गया। इसके बाद 17 जून को मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में गणेश मंदिर में दोनों का विवाह हुआ। युवती का दावा है कि शादी के बाद साथ रखने का भरोसा देने वाला युवक कुछ दिनों बाद संपर्क तोड़कर फरार हो गया।

    युवती का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला। उसका कहना है कि अब आरोपित समझौते का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। उसने चेतावनी दी है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होगी।

    खबरें और भी

    वहीं, धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि युवती की शिकायत पर 15 जून को दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया जा चुका है और उसकी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि अब पीड़िता उसी व्यक्ति के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराने की मांग कर रही है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करेगी।