धनबाद में किडनी की बीमारी से जूझ रहे भाई के लिए ढाल बनी बहन, रक्षाबंधन से पहले दान करेगी अपनी एक किडनी
पुटकी की पार्षद सुनैना पासवान अपने भाई सुभाष पासवान को नई जिंदगी देने के लिए रक्षाबंधन से पहले अपनी एक किडनी दान करेंगी। ...और पढ़ें

भाई को किडनी देने वाली बहन
संवाद सहयोगी, पुटकी। रक्षाबंधन से ठीक पहले पुटकी के वार्ड संख्या-9 से एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने भाई-बहन के अटूट प्रेम को नई पहचान दी है। वार्ड-9 की पार्षद सुनैना पासवान अपने भाई सुभाष पासवान को नई जिंदगी देने के लिए अपनी एक किडनी दान करने जा रही हैं।
दोनों का किडनी प्रत्यारोपण 25 जुलाई को नई दिल्ली स्थित एम्स में नेफ्रोलाजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. राज कुमार यादव की देखरेख में किया जाएगा।
फैसले की पूरे क्षेत्र में सराहना
बताया जाता है कि सुभाष पासवान लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां लगभग काम करना बंद कर चुकी हैं, जिसके कारण उन्हें हर एक दिन छोड़कर अगले दिन नियमित डायलिसिस कराना पड़ता है।
लगातार इलाज और डायलिसिस के बीच जब चिकित्सकों ने किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी, तब उनकी बहन सुनैना पासवान ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी किडनी देने का निर्णय लिया। परिवार के इस फैसले की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
दोस्तों ने की आर्थिक सहायता
किडनी प्रत्यारोपण पर लाखों रुपये का खर्च आने का अनुमान है। इस कठिन समय में सुभाष पासवान के जवाहर नवोदय विद्यालय, राजगीर के पूर्व सहपाठियों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए करीब दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।
खबरें और भी
शेष राशि परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों के सहयोग से जुटाई जा रही है। रक्षाबंधन से पहले बहन का यह त्याग इलाके में चर्चा का विषय बना है।
यह भी पढ़ें- धनबाद के मजदूर की बेटी का कमाल: NEET में जिला टॉपर बनेगी डॉक्टर, सरकार उठाएगी पढ़ाई का खर्च