हीरापुर, धैया, बैंक मोड़, सरायढेला, मेमको और लोग बिल्डिंग क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई जगह जाम की स्थिति बन गई। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। भीड़ बढ़ने और हंगामे की आशंका को देखते हुए कई पेट्रोल पंप संचालकों ने पेट्रोल-डीजल देना बंद कर दिया।
शुक्रवार सुबह से भी शहर में अफरातफरी का माहौल बना रहा। कई पंप बंद रहे, जबकि खुले पंपों पर तेल लेने वालों की भारी भीड़ जुटी रही। पेट्रोल नहीं मिलने से कई जगहों पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद पुलिस को तैनात करना पड़ा।
पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने हालात को गंभीर बताते हुए शुक्रवार को उपायुक्त और एसएसपी से मिलने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन का कहना है कि अफवाहों के कारण स्थिति बिगड़ी है और प्रशासनिक हस्तक्षेप जरूरी हो गया है।
इधर, मेमको मोड़ स्थित पेट्रोल पंप पर शुक्रवार शाम बाइक और चारपहिया वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान बाइक सवारों ने पंप प्रबंधन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पंप कर्मियों ने बताया कि अत्यधिक भीड़ और ग्राहकों के हो-हल्ला के कारण कुछ समय के लिए पेट्रोल-डीजल वितरण रोकना पड़ा
पंपों पर राशनिंग कर पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। पंपों पर दो पहिया वाहनों को सिर्फ सौ-दो सौ रुपये का तेल दिया जा रहा है। हालांकि चारपहिया वाहनों को फुल टैंक पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि दोपहिया वाहनों को केवल सौ-दो सौ रुपये का पेट्रोल दिया जा रहा है।