धनबाद के कोयला नगर में 'पवित्रम सेवा धाम' ने लगाई विशाल औषधि वाटिका, आयुर्वेद को मिलेगा बढ़ावा
Dhanbad News: कोयला नगर स्थित 'पवित्रम सेवा धाम' में एक विशाल औषधि वाटिका लगाई गई, जिसमें दुर्लभ औषधीय पौधे रोपे गए। ...और पढ़ें

पवित्रम सेवा धाम में पौधरोपण के दौरान उपस्थित अतिथि एवं अन्य। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद के 'पवित्रम सेवा धाम' में विशाल औषधि वाटिका स्थापित की गई।
BCCL CMD मनोज अग्रवाल ने दुर्लभ कल्पतरु पौधे रोपे।
आयुर्वेद प्रचार और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना मुख्य उद्देश्य है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयला नगरी धनबाद अब जल्द ही दुर्लभ और जीवनदायिनी औषधियों की खुशबू से महकने वाली है। रविवार 19 जुलाई को धनबाद के कोयला नगर स्थित निर्माणाधीन 'पवित्रम सेवा धाम' में एक विशाल वृक्षारोपण अभियान के तहत अनेकों उपयोगी औषधीय पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर BCCL(भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) के CMD मनोज कुमार अग्रवाल भी पहुंचे। उन्होंने अपने हाथों से कल्पतरु के पौधे लगाए, जो अत्यंत दुलर्भ पेड़ होता है। इस अनूठी 'पवित्रम औषधि वाटिका' को तैयार करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से दुर्लभ औषधीय बीजों को विशेष रूप से मंगवाया गया था, जिनसे पौधे तैयार किए जा रहे हैं।
घर-घर आयुर्वेद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का माध्यम
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद का व्यापक प्रचार-प्रसार करना और आज की युवा पीढ़ी को हमारी पारंपरिक औषधियों व उनके चमत्कारी लाभों से परिचित करवाना है। 'पवित्रम औषधि वाटिका' न केवल पर्यावरण का संरक्षण करेगी, बल्कि लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर 'घर-घर आयुर्वेद' के संदेश को धरातल पर उतारेगी।
वर्षों से सेवा में समर्पित है पवित्रम सेवा परिवार
गौरतलब है कि पवित्रम सेवा परिवार पिछले कई वर्षों से आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा (Naturopathy) के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा समय-समय पर स्कूलों और कॉलेजों में बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण रक्षा के लिए कई बड़े कार्यक्रम और जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक चलाए जा रहे हैं।
खबरें और भी
पवित्रम सेवा परिवार के कार्यकारी अध्यक्ष संजय भरतिया ने कहा कि यह औषधि वाटिका धनबाद के लोगों के लिए स्वास्थ्य और प्रकृति का एक अनमोल उपहार साबित होगी। इसके माध्यम से हम अपनी प्राचीन चिकित्सा पद्धति को आधुनिक समाज, विशेषकर युवाओं के बीच पुनर्जीवित करना चाहते हैं।
संस्था ने धनबाद के सभी जागरूक नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों और युवाओं से इस पर्यावरण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बिहार- झारखंड छेत्र के सद्भभावना प्रमुख राकेश लाल, क्षेत्रीय सेवा प्रमुख त्रिवेणी लाल, योगेंद्र तुलस्यान ,कन्हैया लाल अग्रवाल ,राकेश खंडेलवाल ,सेवाव्रती अजय भरतिया, भारती दुबे एवम अनेको सदस्य,बहने ,कार्यकर्ता मौजूद थे।