Dhanbad Love Story: घर से भागीं 2 लेस्बियन..., एक दो बच्चे की मां तो दूसरी 25 साल की युवती
Dhanbad Lesbian Love Story: झरिया में एक अनोखा समलैंगिक प्रेम प्रसंग सामने आया, जहां दो बेटियों की मां 40 वर्षीय महिला को 25 वर्षीय युवती से प्यार हो गया।

झरिया में दो बेटियों की मां को 25 साल की युवती से हुआ प्यार। (प्रतीकात्मक फोटो)
संवाद सहयोगी, लोदना (धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम समलैंगिक प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया। यहां दो बेटियों की मां 40 वर्षीय एक विवाहिता को 25 वर्षीय अविवाहित युवती से प्रेम हो गया।
दोनों एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमे खा रही हैं और किसी भी हाल में अलग होने को तैयार नहीं है। थाने में जब महिला की दोनों बेटियां मां से घर लौटने की गुहार लगाते हुए गिड़गिड़ाने लगीं तब भी महिला का दिल नहीं पसीजा और वह अपनी महिला मित्र के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही। घटना की खबर मिलते ही कई लोग थाना पहुंचे।
जिम में हुई थी दोस्ती, धीरे-धीरे प्यार में बदला
जानकारी के अनुसार मानबाद निवासी ज्योतिषी तरुण शर्मा की 40 वर्षीय पत्नी रितु शर्मा और बकरीहाट निवासी अमरदीप पासवान की 25 वर्षीय पुत्री निशा पासवान की मुलाकात वर्ष 2025 में धर्मशाला रोड स्थित एक जिम में हुई थी।
धीरे-धीरे दोनों में गहरी दोस्ती हो गई। दोनों के बीच मोबाइल पर लंबी बातचीत और वीडियो कॉलिंग का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना और साथ घूमना-फिरना बढ़ गया। शुरुआत में दोनों ही परिवारों ने इसे सामान्य सहेलियों का रिश्ता समझा और किसी को शक नहीं हुआ।
पारिवारिक विवाद और तलाक तक पहुंचा मामला
इसी बीच रितु का अपने पति तरुण शर्मा के साथ आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि रितु पति से तलाक लेने की जिद पर अड़ गई और मामला अदालत तक पहुंच गया। बताया जाता है कि दोनों के तलाक की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
जब दोनों परिवारों को इनके बीच समलैंगिक प्रेम प्रसंग की भनक लगी तो दोनों पर घरों में निगरानी बढ़ा दी गई। इसी दौरान रितु ससुराल छोड़कर निशा के पास बकरीहाट पहुंच गई और दोनों साथ रहने लगीं। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद रितु अपने मायके चली गई।
घर छोड़कर भागीं, बरवाअड्डा से हुई बरामद
मंगलवार को दोनों अचानक अपने-अपने घरों से फरार हो गईं। स्वजन की शिकायत पर मामले की जानकारी धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार को दी गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों के मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया जो बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के आसपास मिला। बरवाअड्डा पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर झरिया पुलिस को सूचित किया जिसके बाद दोनों को झरिया थाना लाया गया।
थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा
झरिया थाने में दोनों के स्वजन ने उन्हें समझाने का भरसक प्रयास किया। रितु की 16 और 14 वर्ष की दोनों बेटियां रो-रोकर मां के सामने गिड़गिड़ाती रहीं लेकिन रितु अपनी जिद पर अड़ी रही। दोनों युवतियों का कहना है कि वह बालिग हैं और एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकतीं।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के स्वजन की मौजूदगी में मामले की छानबीन और कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है। बताते है कि 18 वर्ष पूर्व तरुण व रितु ने अंतरजातीय विवाह किया था।
