विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका में छाई धनबाद की जानवी, दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा पर रखी बेबाक राय

Published: Mon, 07 Sep 2026 11:51 AM (IST)

धनबाद की बेटी जानवी झाम्ब के दिल्ली मेट्रो पर विचार अमेरिका के फेमस न्यूजपेपर में प्रकाशित हुए, जिससे कोयलांचल का मान बढ़ा है।

जानवी झाम्ब। फोटो जागरण

जानवी झाम्ब। फोटो जागरण

HighLights

  1. जानवी झाम्ब के विचार न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित हुए।

  2. दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा और दक्षता पर उन्होंने राय दी।

  3. इस उपलब्धि से धनबाद और परिवार का मान बढ़ा।

जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयलांचल की बेटी जानवी झाम्ब ने अपनी विशिष्ट सोच और अनुभवों के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धनबाद का मान बढ़ाया है। अमेरिका के फेमस न्यूज पेपर में प्रकाशित एक विशेष रिपोर्ट में जानवी के विचारों को प्रमुखता से स्थान मिला है।

उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। दो सितंबर को द न्यूयार्क टाइम्स में हाउ द दिल्ली मेट्रो बिकम ए लीडिंग ट्राजिस्ट सिस्टम शीर्षक से एक विस्तृत लेख प्रकाशित हुआ।

इसमें दिल्ली मेट्रो के विकास, अत्याधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा तंत्र का विश्लेषण किया गया है। एक नियमित यात्री के रूप में जानवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए मेट्रो को यात्रा का सबसे कुशल माध्यम बताया।

साथ ही, उन्होंने आम जनता के लिए इसे और अधिक किफायती बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। रिपोर्ट में महिलाओं की सुरक्षा के लिए आरक्षित कोचों, सीसीटीवी कैमरों और तैनात मार्शलों का जिक्र करते हुए जानवी के वक्तव्य को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।

प्रतिष्ठित संस्थानों से ली शिक्षा, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

बैंक मोड़ निवासी व्यवसायी रवि झाम्ब की पुत्री जानवी की प्रारंभिक शिक्षा कार्मल स्कूल डिगवाडीह से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जानकी देवी मेमोरियल कालेज से स्नातक की डिग्री ली।

वर्तमान में गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फारेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी से एलएलबी आनर्स इन फारेंसिक स्टडीज की पढ़ाई कर रही हैं।

जानवी ने कहा एक छोटे शहर से निकलकर देश के शीर्ष संस्थानों तक पहुंचने और फिर अंतरराष्ट्रीय मीडिया मंच पर अपनी बात रखने का यह सफर उनके लिए काफी मायने रखता है।

जानवी के पिता रवि झाम्ब और शुभचिंतकों का कहना है कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर स्थानीय स्तर की आवाज भी वैश्विक पटल पर गूंज सकती है।

यह भी पढ़ें- झारखंड सरकार की योजना ने सिमडेगा के युवक की बदली तकदीर, 500 चूजों से खड़ा किया लाखों का कारोबार