विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोविंदपुर में मासूम बच्ची से छेड़छाड़, स्कूल वैन चालक गिरफ्तार; परिजनों में चिंता का माहौल

Published: Tue, 11 Aug 2026 09:50 PM (GMT+05:30)

गोविंदपुर में ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया की चार वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल वैन चालक जहांगीर हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

स्कूल वैन चालक ने चार साल की बच्ची से की छेड़छाड़। (प्रतीकात्मक फोटो)

स्कूल वैन चालक ने चार साल की बच्ची से की छेड़छाड़। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. गोविंदपुर में चार वर्षीय बच्ची से स्कूल वैन चालक ने की छेड़छाड़।

  2. पुलिस ने आरोपी चालक जहांगीर हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

  3. अभिभावकों ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा और सत्यापन की मांग की।

संवाद सूत्र, गोविंदपुर (धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर ऊपर बाजार स्थित ग्लोबल स्कूल आफ इंडिया की एलकेजी में पढ़ने वाली चार वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने स्कूल वैन चालक फकीरडीह निवासी जहांगीर हुसैन को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गोविंदपुर थाना की पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। बच्ची की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सोमवार सुबह उसकी बेटी को मारुति वैन से फकीरडीह निवासी 65 वर्षीय मोइन खान स्कूल ले गया था।

छुट्टी के बाद आरोपी चालक जहांगीर हुसैन बच्ची को घर छोड़ने आया। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की। घर पहुंचने के बाद बच्ची की मां पानी की बोतल तलाश रही थीं। इसी बीच चालक हड़बड़ी में वहां से निकल गया।

बाद में बच्ची ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्वजन स्कूल पहुंचे और प्रबंधन को पूरी बात बताई। वहां स्कूल प्रबंधन ने मोइन खान को बुलाकर जानकारी ली तो पता चला कि जहांगीर हुसैन वैन लेकर बच्ची को छोड़ने गया था।

इधर घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने स्कूल आने-जाने वाले वाहनों के चालकों की निगरानी, उनका सत्यापन और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।


शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है। बच्ची के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अनुसंधान की जिम्मेदारी एएसआई दिलीप कुमार सिंह को सौंपी गई है।

-

विष्णु प्रसाद राउत, थाना प्रभारी, गोविंदपुर