Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दहेज के लिए नवविवाहिता को बंधक बनाया, छुड़ाने पहुंचे मुखिया व ग्रामीणों पर फरसे से हमला

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 11:07 AM (IST)

    Dhanbad Dowry Case: दहेज की मांग को लेकर धनबाद के बरवाअड्डा में एक नवविवाहिता को बंधक बनाया गया। ...और पढ़ें

    दहेज के लिए बरवाअड्डा में नवविवाहिता से मारपीट। (प्रतीकात्मक फोटो)

    दहेज के लिए बरवाअड्डा में नवविवाहिता से मारपीट। (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. नवविवाहिता को दहेज के लिए घर में बंधक बनाया गया।

    2. छुड़ाने गए मुखिया व ग्रामीणों पर फरसे से हमला हुआ।

    3. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी पति को पकड़ा।

    संवाद सूत्र, बरवाअड्डा(धनबाद)। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के पिपराटांड गांव में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता को प्रताड़ित करने और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। बेटी को बंधक बनाए जाने की सूचना पर जब पीड़िता के पिता, स्थानीय मुखिया और अन्य ग्रामीण ससुराल पहुंचे, तो लड़के पक्ष के लोगों ने उन पर फरसे से जानलेवा हमला कर दिया और जमकर हंगामा किया।

    सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में पीड़िता पांडेयडीह निवासी पूनम कुमारी ने बरवाअड्डा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

    आवेदन के अनुसार, पूनम की शादी दो माह पूर्व पिपराटांड निवासी विशाल कुमार चौधरी के साथ हुई थी। शादी के समय पीड़िता के पिता ने उपहार स्वरूप सोने व चांदी के जेवरात दिए थे।

    आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति विशाल कुमार चौधरी, भैसुर विवेक कुमार चौधरी और गोतनी सोनम कुमारी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोपियों ने पूनम का मायके वालों से बातचीत बंद करा दिया और मारपीट कर उसे घर में बंधक बना लिया।

    पीड़िता पर मायके से 3 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल लाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसके लिए बकायदा मोबाइल पर सूची भी भेजी गई थी। पिता द्वारा असमर्थता जताने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।

    घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता, स्थानीय मुखिया अख्तर अंसारी और कुछ ग्रामीणों को साथ लेकर पिपराटांड स्थित पूनम के ससुराल पहुंचे। मुखिया अख्तर अंसारी ने बताया कि हमें बेटी को बंधक बनाए जाने की सूचना मिली थी।

    खबरें और भी

    जब हम पिपराटांड पहुंचे और विशाल चौधरी को दरवाजा खोलने को कहा, तो उसने आधे घंटे तक दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद विशाल और उसके परिवार वाले गाली-गलौज करने लगे और अचानक विशाल ने फरसे से मुझ पर और ग्रामीणों पर हमला बोल दिया। इस हमले में हम लोग बाल-बाल बचे।

    हंगामे और हमले के बीच मुखिया व ग्रामीणों ने विवाहिता को बंधन मुक्त कराया। इसी बीच सूचना पाकर बरवाअड्डा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति विशाल कुमार चौधरी को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल किया गया फरसा भी जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।