Dhanbad SIR 2026: मतदाता सूची के प्रकाशन में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, 30 नवंबर को आएगी अंतिम सूची
SIR In Dhanbad: धनबाद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआइआर-2026) की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें उपायुक्त आदित्य रंजन ने त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म भरते योग्य मतदाता। ((फाइल फोटो)
HighLights
उपायुक्त ने एसआइआर-2026 की त्रुटिरहित समीक्षा की।
दावों और आपत्तियों का डिजिटलीकरण 31 अक्टूबर तक पूरा करें।
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को।
जागरण संवाददाता, धनबाद। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआइआर-2026) को त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई।
इसमें निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित नई समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) और निर्वाचन कर्मियों को समय सीमा का कड़ाई से पालन करने को कहा।
उन्होंने नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से जुड़े मामलों में प्रथम एवं द्वितीय नोटिस के निष्पादन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। बीएलओ के गृह भ्रमण के बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने वाले मतदाताओं का सत्यापन भी समय पर पूरा करने को कहा।
बैठक में प्रपत्र-6, 6ए, 7 और 8 के तहत प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का डिजिटलीकरण 31 अक्टूबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, छूटे हुए पात्र नागरिकों के प्रपत्र-6 का घर-घर जाकर सत्यापन और डिजिटलीकरण एक से 12 नवंबर तक किया जाएगा। सभी दावों एवं आपत्तियों का अंतिम निष्पादन 23 नवंबर तक सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि 30 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों की दैनिक प्रगति की निगरानी होगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- धनबाद में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती, एसएसएलएनटी अस्पताल बनेगा 50 बेड का केंद्र
यह भी पढ़ें- CMPFO को ईपीएफओ की तर्ज पर व्यवस्थित करने की तैयारी, डॉ गोपाल सिंह को अतिरिक्त प्रभार
उन्होंने निर्वाचन आयोग के मूल मंत्र 'कोई पात्र भारतीय नागरिक छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति जुड़े नहीं'' के अनुरूप पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने पर जोर दिया।
