विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद के बरोरा में ताबड़तोड़ फायरिंग, कोयला कारोबारी घायल; मुखिया पति समेत 6 नामजद, दो गिरफ्तार

By Prabir Kumar Roy Edited By: Mritunjay Pathak
Updated: Sat, 25 Apr 2026 09:24 PM (IST)

Dhanbad Coal Trader Shot: धनबाद के बरोरा स्थित माथाबांध में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में रवींद्र चौहान नामक युवक घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटनास्थल से बरामद गोली और जख्मी रवींद्र चाैहान। (फोटो जागरण)

घटनास्थल से बरामद गोली और जख्मी रवींद्र चाैहान। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. बरोरा के माथाबांध में फायरिंग, युवक रवींद्र चौहान घायल।

  2. पुलिस ने अनीश और विशाल चौहान को किया गिरफ्तार।

  3. मुखिया पति शंकर बेलदार समेत 6 पर जानलेवा हमले का आरोप।

संवाद सहयोगी, जागरण, बरोरा (धनबाद)। बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध में शनिवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। घटना में पियोर बरोरा निवासी कोयला कारोबारी रवींद्र चौहान घायल हो गए।

रवींद्र चाैहान के  पैर में गोली लगने की बात सामने आई है, हालांकि चोट हल्की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बाघमारा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा, मधुबन, सोनारडीह, हरिहरपुर, महुदा, रामकनाली और लोयाबाद थाना की पुलिस को भी तैनात किया गया।

इंस्पेक्टर रुस्तम अंसारी के नेतृत्व में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनीश चौहान और विशाल चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।

घेरकर की गई फायरिंग, कारतूस बरामद

घायल रवींद्र चौहान ने बताया कि वह मोटरसाइकिल से बरोरा से डुमरा जा रहे थे, तभी चार-पांच बाइक पर सवार आठ से दस हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई, जबकि हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा और रवींद्र की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

आपसी रंजिश की आशंका, मामला दर्ज

रवींद्र ने हमलावरों में गौरव चौहान समेत अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मानकर जांच कर रही है। पूर्व में भी रवींद्र पर हमला हो चुका है, जिसे इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस ने शंकर बेलदार, गौरव चौहान, नीरज चौहान, अनीश चौहान, विशाल चौहान, पवन यादव समेत चार अज्ञात के खिलाफ हत्या की नीयत से फायरिंग का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी साधन कुमार ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।