धनबाद-भुवनेश्वर ट्रेन से हटेगा स्पेशल का टैग, यात्रियों को मिलेगी सुविधा; 25 परसेंट घटेगा किराया
धनबाद-भुवनेश्वर (Dhanbad-Bhubaneswar Train) स्पेशल ट्रेन को रेलवे बोर्ड ने नियमित ट्रेन का दर्जा दे दिया है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी क्योंक ...और पढ़ें
-1773280419961_m.webp)
यात्रियों को मिलेगी सुविधा। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद से भुवनेश्वर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन जल्द ही नियमित ट्रेन के रूप में चलेगी। रेलवे बोर्ड ने स्पेशल का टैग हटाकर नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की मंजूरी दे दी।
स्पेशल का टैग हटते ही इस ट्रेन का किराया 25 प्रतिशत तक कम होगा, जिससे यात्रियों की जेब को राहत मिलेगी। कोरोना काल में धनबाद-भुवनेश्वर गरीब रथ के बंद होने के बाद दोबारा चलाई गई ट्रेन स्पेशल बन कर चली।
उसके बाद से लगातार स्पेशल के रूप में फेरा बढ़ता रहा। फिलहाल होली स्पेशल ट्रेन के रूप में एक अप्रैल तक फेरे बढ़ाए गए हैं। अब लगभग पांच साल बाद नियमित बनकर चलेगी।
भोपाल में आयोजित आईआरटीटीसी में मिली थी मंजूरी
जनवरी में भोपाल में आयोजित इंडियन रेलवे टाइम टेबल कॉन्फ्रेंस-आइआरटीटीसी में धनबाद-भुवनेश्वर स्पेशल को नियमित ट्रेन बनाने की मंजूरी मिली थी। दो माह बाद रेलवे बोर्ड ने ग्रीन सिग्नल दिया।
अप्रैल से नियमित बनकर चलने की उम्मीद
भुवनेश्वर से 31 मार्च व धनबाद से एक अप्रैल तक स्पेशल बनकर चलने की अधिसूचना पूर्व में जारी हो चुकी है। ऐसे में एक अप्रैल के बाद इस ट्रेन के नियमित बनकर चलने की उम्मीद है। तिथि की घोषणा शीघ्र होने की संभावना है।
हर दिन की लेटलतीफी से मिलेगा छुटकारा
स्पेशल बनकर चलने के कारण धनबाद-भुवनेश्वर ट्रेन हर दिन घंटों विलंब से आती है। धनबाद से खुलने वाली ट्रेन भी लेट से पहुंचती है। बुधवार को लगभग तीन घंटे देर से धनबाद आई वहीं पौने दो घंटे लेट से भुवनेश्वर पहुंची। नियमित बनकर चलने से लेटलतीफी से छुटकारा मिल सकेगा।