मस्जिद के विस्तार के लिए कमजोर के घर पर चली JCB! विरोध करने पर मारपीट और लूटपाट; सोनारायठाढ़ी थाने में 10 पर FIR
देवघर के खजुरिया मधुबन गांव में मस्जिद विस्तार को लेकर विवाद में एक घर को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। पीड़ित जसीम अंसारी ने पत्नी से मारपीट और सामान ...और पढ़ें

मस्जिद के विस्तार के लिए जेसीबी से घर ढहाया। (फोटो साैजन्य)
HighLights
मस्जिद विस्तार को लेकर घर तोड़ने का आरोप।
विरोध करने पर महिला से मारपीट, सामान लूटा गया।
पीड़ित की शिकायत पर 10 लोगों पर FIR दर्ज।
जागरण टीम, देवघर। मस्जिद के विस्तार के लिए देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के खजुरिया मधुबन गांव में विवाद हो गया। आरोप है कि मस्जिद से जुड़े लोगों ने जेसीबी चलाकर बगल स्थित एक घर को ध्वस्त कर दिया। साथ ही घर का सारा सामान लूट लिया। इस मामले में पीड़ित जसीम अंसारी ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
घर तोड़कर जमीन मस्जिद में मिलाने का आरोप
सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के खजुरिया मधुबन निवासी जसीम अंसारी ने थाने में आवेदन देकर गांव के ही शकील अंसारी, निजाम अंसारी, जाकिर अंसारी, कलीम अंसारी, वाहिद अंसारी, सलाउद्दीन अंसारी, सद्दाम अंसारी, खुर्शीद अंसारी, शमशेर अंसारी और साहबान अंसारी सहित 10 लोगों पर आरोप लगाया है।

जसीम अंसारी का आरोप है कि सभी लोग हरवे-हथियार से लैस होकर उनके घर पहुंचे और जेसीबी से घर तोड़ने लगे। विरोध करने पर उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई और जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उनकी पत्नी को बचाया।
आरोप है कि उक्त लोगों ने जबरन घर में घुसकर सारा सामान लूट लिया और उसे बर्बाद कर दिया। सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। जसीम ने बताया कि उन्होंने घटना की सूचना सोनारायठाढ़ी थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के घटनास्थल से लौटने के बाद नामजद आरोपितों ने दोबारा जेसीबी बुलाकर उनके घर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। जसीम अंसारी का यह भी आरोप है कि एस्बेस्टस की छत वाले एक अन्य घर में भी आरोपितों ने ताला लगा दिया है। इससे वह बेघर हो गए हैं और उन्हें दूसरे स्थान पर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस को बताया गया है कि संबंधित जमीन जसीम अंसारी की सौतेली मां ने मस्जिद के नाम कर दी है। जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी ने कहा कि मस्जिद निर्माण को लेकर खिजुरिया मधुबन गांव में विवाद हुआ था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।