श्रावणी मेले से पहले शिवभक्तों को सौगात: आज शाम चालू होगा देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन, सफर में बचेगा समय
देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन सड़क श्रावणी मेले से पांच दिन पहले 24 जुलाई की शाम से चालू हो रही है। इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित यातायात और यात्रा समय में 2 ...और पढ़ें

आज शाम चालू होगा देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन, सफर में बचेगा समय
HighLights
देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन 24 जुलाई शाम से चालू।
श्रावणी मेले से पहले श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत।
यात्रा समय में अब 20 मिनट की होगी बचत।
जागरण संवाददाता, देवघर। श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू हो रहा है और इससे पांच दिन पहले ही देवघर-बासुकीनाथ की लाइफलाइन फोर लेन (Four-lane) सड़क चालू हो रही है। अब सुरक्षित यातायात के साथ-साथ समय की भी बचत होगी। अभी तक इस सफर में एक घंटे से अधिक का समय लग रहा था, लेकिन अब कम से कम 20 मिनट के समय की बचत होगी।
इस बात की पूरी गारंटी थी कि इस साल मेले से पहले फोर लेन चालू हो जाएगा। एनएचएआई (NHAI) ने इसके लिए 25 जुलाई की समय-सीमा तय की थी, लेकिन अब यह तय किया गया है कि 24 जुलाई की शाम ढलते ही फोर लेन चालू हो जाएगा। हालांकि, गुरुवार को भी इस पर कुछ वाहनों का आवागमन देखा गया।
श्रावणी मेले के दौरान देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन एक लाइफलाइन बन जाती है। पिछले दो साल से सुगम यातायात में जो व्यवधान आ रहा था, उस पर अब विराम लग गया है।
यह बात सही है कि विकास कार्यों के दौरान कुछ परेशानियां आती हैं। राज्य सरकार भी मेले से पहले इसे चालू कराने के प्रति गंभीर थी। रेलवे से एनओसी (NOC) मिलने के 55 दिन बाद इसके चालू होने की गारंटी थी, जो कि पूरी हो गई है।
विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक मेला सावन के महीने में झारखंड के देवघर में लगता है। यहां द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ का मंदिर है। देवघर-बासुकीनाथ सड़क (एनएच 114 ए) पर काम चलने के कारण सड़कें इतनी खराब हो गई थीं कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से आने और जाने के रास्ते अलग-अलग रखे गए थे।
खबरें और भी
यह सुखद है कि इस साल श्रावणी मेले में देवघर-बासुकीनाथ फोर लेन चालू हो गई है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रभात रंजन पांडेय ने बताया कि शुक्रवार शाम से इस पर आवागमन पूरी तरह चालू हो जाएगा।
देवघर-बासुकीनाथ प्रोजेक्ट (45.15 किमी)
यह तकरीबन एक हजार करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है। 45.15 किलोमीटर लंबी यह फोर लेन 17 मीटर चौड़ी है।
इसमें एक तरफ से बनने वाली टू-लेन सड़क साढ़े आठ मीटर चौड़ी है, और दूसरी तरफ की टू-लेन भी साढ़े आठ मीटर चौड़ी है।
जब यह पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगी, तब इसके बीच में की गई खूबसूरत गार्डनिंग (पौधारोपण) लोगों का मन मोह लेगी।
फैक्ट फाइल (एक नजर में)
- फोर लेन की कुल लंबाई: 45.15 किमी
- कुल प्राक्कलन की राशि: 999 करोड़ रुपये
- आरओबी (ROB) की संख्या: 2 (रेल लाइन को क्रॉस करेंगे)
- टू-लेन की चौड़ाई: 8.5 मीटर (प्रत्येक तरफ)
- आरओबी की कुल लंबाई: 3 किलोमीटर
- अंडरपास की संख्या: 24 अंडरपास
यह भी पढ़ें- श्रावणी मेला 2026: श्रद्धालुओं के लिए रेलवे का तोहफा, देवघर-रक्सौल समेत चलेंगी 3 स्पेशल ट्रेनें