विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चतरा में बेकाबू हाईवा का कहर: तीन को रौंदा, एक की मौत; चतर-सिमरिया और चतरा-बालूमाथ रोड पर 17 घंटों से जाम

Published: Tue, 06 Oct 2026 09:25 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 06 Oct 2026 03:17 PM (GMT+05:30)

चतरा में बेलगाम हाईवा की चपेट में आने से एक युवक अरविंद सिंह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ...और पढ़ें

HighLights

  1. चतरा में हाईवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत।

  2. हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी।

  3. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की।

जागरण संवाददाता, चतरा। चतरा में सोमवार की रात बेलगाम हाईवा की चपेट में आने से घायल तीन लोगों में से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रंगवारा निवासी अरविंद सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अरविंद सिंह को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

हादसे में हफुआ निवासी रतन सिंह की पत्नी और डोंडा निवासी मुकेश सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। इधर अरविंद सिंह की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हफुआ में सड़क जाम कर दिया।

जाम से वाहनों की लंबी कतार लग चुकी है। चतर-सिमरिया और चतरा-बालूमाथ रोड पर 17 घंटों से जाम है। प्रशासन की ओर जाम हटाने की मशक्कत की जा रही है। उग्र ग्रामीणों के समर्थन में जाम स्थल सांसद कालीचरण सिंह भी मौजूद हैं।

सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने घटना के लिए जिम्मेदार हाईवा चालक के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। अवैध खनन और कोयले की ढुलाई में मनमानी तरीके से वाहन दौड़ाते हैं। रफ्तार की वजह से पहले भी कई जान गई है।

एक दिन पहले ही पकड़े गए थे तस्करी के 5 वाहन

ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीणों को समझाने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया गया। 

बता दें कि एक दिन पहले सोमवार को ही सीआईएसएफ और सीसीएल ने चतरा के मगध परियोजना क्षेत्र में कोयला चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान पांच हाईवा जब्त किए गए और जंगल से लगभग 250 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।

सड़क जाम में फंसे सैकड़ों वाहन, यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी

उग्र ग्रामीण अपनी मांगों पर अडिग हैं। ग्रामीणों को समझाने बुझाने को लेकर स्थानीय प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। लेकिन ग्रामीण वरीय अधिकारियों को जाम स्थल पर आने की मांग कर रहे हैं। परिणाम स्वरुप चतरा-हजारीबाग वाया सिमरिया और चतरा-चंदवा वाया बालूमाथ पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं।

दोनों पथों पर करीब 18 घंटे से जाम लगा हुआ है। सदर प्रखंड के सीमा गांव में ग्रामीण शव को रखकर सड़क जाम किए हुए हैं। वहीं चतरा-चंदवा पथ पर गांव वाले लकड़ी के बूटा और पत्थर रखकर के जाम कर दिया है। दोनों पथों पर दर्जनों यात्री वाहन फंसे हुए हैं।

यात्री परेशान हैं। स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रदेव गोप तथा झामुमो के मनोज चंद्रा मौके पर मौजूद हैं। जिला प्रशासन की ओर से अंचल अधिकारी और सदर थाना प्रभारी वार्ता के लिए पहुंचे हैं। गांव वाले उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग कर रहे हैं।