विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीएसएल के 20 हजार ठेका श्रमिकों को मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन, 1 अक्टूबर से लागू होंगी नई दरें

Published: Tue, 08 Sep 2026 06:34 PM (IST)

SAIL: बोकारो इस्पात संयंत्र के लगभग 20 हजार ठेका श्रमिकों का परिवर्तनशील महंगाई भत्ता (वीडीए) 1 अक्टूबर से बढ़ेगा, जिससे उनके दैनिक वेतन में वृद्धि होगी।

बोकारो स्टील प्लांट। (फाइल फोटो)

बोकारो स्टील प्लांट। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, बोकारो। SAIL: बोकारो इस्पात संयंत्र में कार्यरत ठेका श्रमिकों के परिवर्तनशील महंगाई भत्ता यानी की वीडीए में बढ़ोतरी होने जा रही है। इससे उनके दैनिक वेतन मजदूरी में इजाफा हो जाएगा। नई दर एक अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी।

इससे कंपनी में काम करने वाले लगभग 20 हजार महिला व पुरुष ठेका श्रमिक लाभान्वित होंगे। ठेका श्रमिकों के बढ़े हुए वेतन का निर्धारण उनके ग्रेड के आधार पर तय किया जाएगा। इनमें ए कैटेगरी व जनरल कैटेगरी के श्रमिकों को अलग अलग राशि उनके दैनिक उपस्थिति पर दी जाएगी।

बीएसएल में प्रत्येक वर्ष अप्रैल तथा अक्टूबर माह में ठेका श्रमिकों का वीडीए बाजार की स्थिति को देखते हुए बढ़ाया या घटाया जाता है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में खाद पदार्थ समेत अन्य दैनिक वस्तुओं की मूल्य में वृद्धि के कारण ठेका श्रमिकों का परिवर्तनशील महंगाई भत्ता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

ठेका श्रमिकों को बढ़े हुए वेतनमान की राशि 10 अक्टूबर तक उनके बैंक खाते में अदा कर दी जाएगी। इस अवधि के बाद राशि का भुगतान करने वाले संबंधित ठेका कंपनी पर कार्रवाई करने का प्रावधान किया गया है।

ठेका श्रमिकों की वर्तमान दैनिक राशि

बोकारो इस्पात संयंत्र में कार्यरत जनरल कैटेगरी के ठेका श्रमिकों में अकुशल कामगार को प्रतिदिन के हिसाब से 550 रुपये, अर्धकुशल कामगार को 577 रुपये, कुशल कामगार को 759 रुपये तथा अतिकुशल कामगार को 875 रुपये का भुगतान उनके दैनिक उपस्थिति पर किया जा रहा है।

इसी प्रकार ए कैटेगरी के ठेका श्रमिकों में अकुशल कामगार को प्रतिदिन के हिसाब से 938 रुपये, अर्धकुशल कामगार को 973 रुपये, कुशल कामगार को 1170 रुपये तथा अतिकुशल कामगार को 1316 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से उनके दैनिक उपस्थिति पर दी जा रही है।

इस राशि में एक अक्टूबर से बढ़ोतरी हो जाएगी, जहां बढ़े हुए वेतन मान के साथ भविष्य निधि मद में 12 प्रतिशत तथा ईएसआई मद में 0.75 प्रतिशत राशि की कटौती अलग से की जाएगी।