कोडरमा पावर प्लांट में खराबी से बोकारो में बिजली संकट, आपूर्ति में कटौती
DVC के कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन की एक यूनिट में खराबी के कारण बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। इससे बोकारो ...और पढ़ें

डीवीसी का कोडरमा थर्मल पावर प्लांट। (फाइल फोटो)
HighLights
कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन की यूनिट में आई खराबी।
बोकारो के चास क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी।
एक-दो दिन में समस्या समाधान की उम्मीद, सहयोग की अपील।
जागरण संवाददाता, बोकारो। डीवीसी के कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन की एक यूनिट में खराबी आने के कारण बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसका असर झारखंड के साथ ही बोकारो में भी दिखने लगा है। बिजली की लोड शेडिंग बढ़ गई है।
बिजली उत्पादन में कमी को देखते हुए डीवीसी की ओर से विद्युत आपूर्ति में कटौती की जाएगी। इससे चास विद्युत प्रमंडल के चास समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
चास विद्युत प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता दिनेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि डीवीसी की ओर से कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन से फिलहाल कम बिजली उत्पादन की सूचना दी गई है।
उत्पादन में कमी के कारण डीवीसी की ओर से उपलब्ध बिजली में कटौती की जाएगी। इसके परिणामस्वरूप चास विद्युत प्रमंडल के सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की अवधि और उपलब्धता प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन की खराबी को दूर करने का काम चल रहा है। एक-दो दिन में समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
यूनिट के सामान्य रूप से संचालित होने के बाद विद्युत उत्पादन बढ़ेगा और आपूर्ति भी धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी। उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग करने अपील है।
