बोकारो में त्योहारों पर मिलावटखोरों पर प्रशासन कसेगा नकेल, शहर में चलाएगा सघन जांच अभियान
बोकारो में दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान शुद्ध खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग सघन जांच अभियान चलाएगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर जांच अभियान।
नकली पनीर, मिलावटी मिठाइयों की होगी विशेष जांच।
खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, बोकारो। दशहरा, दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए आमजनों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को अभियान चलाकर मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच करने का निर्देश दिया गया है।
अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
अभियान के दौरान विशेष रूप से सिंथेटिक या नकली पनीर, मिलावटी मिठाई एवं अन्य संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजे जाएंगे।
अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया है।
खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का प्रयोग नहीं करने तथा बाहर से आने वाली सिंथेटिक एवं नकली मिठाई, पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
उन्होंने खाद्य कारोबारियों से कहा कि त्योहार के दौरान बढ़ती मांग के बीच उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की ही बिक्री सुनिश्चित करें।
मिलावट पाए जाने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने अथवा मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण या बिक्री करते पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की खरीदारी में सतर्कता बरतें और संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थों की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना विभाग को दें।
यह भी पढ़ें- धनबाद-बोकारो रोड पर छह महीने बाद खत्म होगा संकट केंदुआडीह में दुर्गापूजा से पहले खुलेगी बंद सड़क
