विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोकारो थर्मल स्टेशन पर यात्रियों की जान जोखिम में, प्लेटफॉर्म से बाहर रुक रहीं ट्रेनें

By Rajnish Prasad Edited By: Mritunjay Pathak
Updated: Sat, 07 Feb 2026 08:12 AM (IST)

Bokaro Thermal Station: बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा खतरे में है क्योंकि एक्सप्रेस ट्रेनों की बोगियां प्लेटफॉर्म से बाहर रुकती हैं। प्लेटफॉर्म नंबर दो की लंबाई कम होने के कारण यात्रियों को जान जोखिम में डालकर ट्रेन में चढ़ना-उतरना पड़ता है।

बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से बाहर खड़ी ट्रेन।

बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से बाहर खड़ी ट्रेन।

जागरण संवाददाता, बेरमो (बोकारो)। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल के तहत बरकाकाना-गोमो मुख्य रेल मार्ग में स्थित बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। यहां खड़ी होने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें की 2-3 बोगियां प्लेटफार्म नंबर दो के क्षेत्र से आगे निकल जाती हैं, जिससे यात्रियों को जान जोखिम में डालकर ट्रेन से उतरने और चढ़ने को मजबूर होना पड़ता है।

प्लेटफार्म की लंबाई 350 मीटर है, जबकि 500 मीटर लंबाई की आवश्यक्ता है। जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल बोगी आगे और पीछे दोनों ओर होती है। बरकाकाना की ओर से आने वाली ट्रेनों की पिछली जनरल बोगी प्लेटफार्म से बाहर रह जाती है, जबकि गोमो की ओर से आने वाली ट्रेनों की इंजन से सटी जनरल बोगी प्लेटफार्म से आगे निकल जाती है।

प्लेटफार्म की लंबाई कम होने से यात्रियों को जमीन से लगभग चार फीट की ऊंचाई से उतरना पड़ता है। नीचे जमीन समतल नहीं होने के कारण रेलवे ट्रैक पर बिखरे पत्थरों से फिसलने और गिरने का खतरा बना रहता है। इस स्थिति में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के स्टेशन सुपरिटेंडेंट शैलेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। इस समस्या के समाधान के लिए कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष फंड मिल सकता है, जिससे समस्या का समाधान हो जाएगा। वर्तमान में प्लेटफार्म नंबर दो की लंबाई 350 मीटर है, जबकि 500 मीटर लंबाई की आवश्यकता है।