Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंद्रपुरा में आठवीं कक्षा के छात्रा का शव मिलने के मामले में नया मोड़, पिता ने जताई हत्या की आशंका

    Updated: Wed, 12 Aug 2026 04:44 PM (GMT+05:30)

    Bokaro News: चंद्रपुरा में कुएं से 14 वर्षीय किशोरी का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आया है, पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में आवेदन दिया है ...और पढ़ें

    कुएं में मिला किशोरी का शव। (फोटो जागरण)

    कुएं में मिला किशोरी का शव। (फोटो जागरण)

    HighLights

    1. चंद्रपुरा में कुएं से 14 वर्षीय किशोरी का शव मिला।

    2. पिता ने बेटी की हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई।

    3. पुलिस से मोबाइल कॉल और इंस्टाग्राम चैट जांच की मांग।

    संवाद सूत्र, फुसरो (बोकारो)। चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के मकोली ओपी अंतर्गत सेंट्रल कॉलोनी के कुएं से सोमवार अहले सुबह 14 वर्षीय किशोरी का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आया है। मृतका के पिता अंजय कुमार ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए चंद्रपुरा थाना में लिखित आवेदन दिया है।

    उन्होंने आशंका जताई है कि बेटी के साथ कुछ गलत करने के बाद उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। अंजय कुमार ने बताया कि 10 अगस्त की रात करीब 12:40 बजे उन्हें जानकारी हुई कि उनकी छोटी बेटी घर में नहीं है। इसके बाद स्वजन उसकी खोजबीन में जुट गए।

    इसी दौरान शक के आधार पर पड़ोसी मंजीत कुमार चौहान से मोबाइल पर संपर्क किया गया। मंजीत ने पहले खुद के कल्याणी में होने की बात कही, इसके बाद मोबाइल बंद कर दिया। अंजय कुमार के अनुसार, रात में मंजीत के दोस्त सोनू चौहान को भी उनके घर के बाहर देखा गया।

    उन्होंने बताया कि बाद में मंजीत का मोबाइल चालू होने पर उससे दोबारा संपर्क किया गया। इस दौरान उसने उनकी बेटी के बाउरी मोहल्ला स्थित कुएं के पास जाने की बात कही। इसके बाद स्वजन वहां पहुंचे तो किशोरी कुएं के पानी में पीठ के बल पड़ी मिली। उसे तत्काल केंद्रीय अस्पताल ढोरी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    खबरें और भी

    मोबाइल कॉल और इंस्टाग्राम चैट की जांच की मांग

    मृतका के पिता ने अपने आवेदन में मंजीत कुमार चौहान सहित बंटी कुमार, विषु कुमार और आलोक कुमार पर संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि घटना से पहले उनकी बेटी के मोबाइल पर मंजीत के नंबर से कॉल आया था।

    उन्होंने पुलिस से मोबाइल कॉल डिटेल और इंस्टाग्राम चैट की जांच कराने की मांग की है। पिता का कहना है कि इन दोनों माध्यमों से घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

    पिता ने आशंका जताई है कि आरोपित युवकों ने उनकी बेटी के साथ कुछ गलत करने के बाद उसकी हत्या कर शव कुएं में डाल दिया। उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

    इधर, चंद्रपुरा थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतका पास के ही एक निजी विद्यालय में आठवीं कक्षा की छात्रा थी।