Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फ्लैट से आई तेज दुर्गंध, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस; पुलिस वर्दी पहने महाराष्ट्र के शख्स का शव मिलने से सनसनी

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 09:29 PM (IST)

    Bokaro News: गोमिया के डोली पैलेस अपार्टमेंट में पुलिस वर्दी पहने एक व्यक्ति का अत्यधिक सड़ा हुआ शव बरामद हुआ। ...और पढ़ें

    फ्लैट से बरामद शव को ले जाती पुलिस और इनसेट में सुभाष अशोक धूमल की फाइल फोटो। (फोटो साैजन्य)

    फ्लैट से बरामद शव को ले जाती पुलिस और इनसेट में सुभाष अशोक धूमल की फाइल फोटो। (फोटो साैजन्य)

    HighLights

    1. गोमिया अपार्टमेंट में पुलिस वर्दी में मिला सड़ा हुआ शव।

    2. फ्लैट से दुर्गंध आने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला।

    3. मृतक की पहचान सुभाष अशोक धूमल के रूप में हुई।

    संवाद सहयोगी, स्वांग (बोकारो)। झारखंड के बोाकरो जिले के आईईएल (Indian Explosives Limited Gomia) थाना क्षेत्र स्थित डोली पैलेस अपार्टमेंट के एक फ्लैट से रविवार को पुलिस की वर्दी पहने 44 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई।

    फ्लैट नंबर 106 पिछले छह-सात दिनों से बंद था। रविवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर अपार्टमेंट के गार्ड ने इसकी सूचना मालिक को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची आईईएल थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में शव पड़ा मिला।

    शव की हालत बेहद खराब थी और शरीर काला पड़ चुका था। मृतक की पहचान फ्लैट के किरायेदार सुभाष अशोक धूमल (44) के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

    आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।

    छह-सात दिनों से बंद था फ्लैट

    आस-पड़ोस के लोगों के अनुसार, फ्लैट नंबर 106 पिछले छह-सात दिनों से बंद था। रविवार सुबह अपार्टमेंट में साफ-सफाई के दौरान कमरे के आसपास तेज दुर्गंध महसूस हुई।

    लोगों ने आवाज देकर अंदर मौजूद व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अपार्टमेंट मालिक को इसकी सूचना दी गई और पुलिस को जानकारी दी गई।

    पुलिस के अनुसार, फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में व्यक्ति का शव पड़ा मिला।

    खुद को मेजर बताकर लिया था फ्लैट

    जानकारी के अनुसार, मृतक मूल रूप से चिंचनेर, सतारा, महाराष्ट्र का रहने वाला बताया जा रहा है। वह डोली पैलेस में किराये के फ्लैट में रह रहा था। अपार्टमेंट मालिक सत्यनारायण प्रसाद के अनुसार, मृतक ने खुद को मेजर बताते हुए 22 फरवरी को फ्लैट किराये पर लिया था। तब से वह यहीं रह रहा था।

    मकान मालिक के अनुसार, तीन-चार अगस्त को मृतक से बातचीत हुई थी। इसके बाद वह अपने फ्लैट में ही था। रविवार सुबह कमरे से दुर्गंध आने की जानकारी मिलने के बाद पूरे मामले का पता चला।

    खबरें और भी

    पहचान पत्र और दस्तावेजों की पुलिस कर रही जांच

    पुलिस को मृतक के पास से क्राइम प्रिवेंशन इन्वेस्टिगेशन काउंसिल का एक पहचान पत्र मिला है। पुलिस पहचान पत्र के अलावा कमरे से बरामद अन्य दस्तावेजों और सामान की भी जांच कर रही है। मृतक ने खुद को मेजर बताया था, इसलिए पुलिस उसके दावों और पहचान से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका है कि मौत कई दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।