Duleep Trophy: बोकारो के मैदान से क्रिकेट के शिखर तक, कुमार कुशाग्र ने रचा कामयाबी का नया अध्याय
Bokaro Boy Kumar Kushagra ने दिलीप ट्रॉफी फाइनल में शतक जड़कर अपनी टीम को मजबूती दी, जिसके बाद उन्हें भारत ए टीम में चुना गया है।

दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में पूर्वी क्षेत्र की टीम की तरफ से शतक लगाने के बाद कुमार कुशाग्र। (फोटो साैजन्य)
HighLights
कुमार कुशाग्र ने दिलीप ट्रॉफी फाइनल में शानदार शतकीय पारी खेली।
बेहतर प्रदर्शन के आधार पर भारत ए टीम में चयन हुआ।
बोकारो से निकलकर राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई।
राम मूर्ति प्रसाद, बोकारो। झारखंड के बोकारो इस्पात नगर के मैदान में कड़ी मेहनत व पसीना बहाने वाले कुमार कुशाग्र का बल्ला राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जमकर कमाल दिखा रहा है। कठिन परिश्रम व लगन से उन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरी।
बोकारो जैसे छोटे शहर से निकल कर उन्होंने क्रिकेट जगत में विशिष्ट पहचान बनाया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में कुमार कुशाग्र ने पूर्वी क्षेत्र की टीम की ओर से चमकदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेल कर अपनी टीम को मजबूती प्रदान की।
बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय ए टीम के लिए किया गया है। ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम भारत आएगी। यहां भारत ए व ऑस्ट्रेलिया ए टीम के बीच मैच होगा। इससे पूर्व कुमार कुशाग्र श्रीलंका में श्रीलंका के विरुद्ध भी मैच खेल चुके हैं।
अंडर 19 वर्ल्ड कप में किया बेहतरीन प्रदर्शन
कुमार कुशाग्र के पिता शशिकांत ट्रेजरी ऑफिसर के पद पर 2016 में बोकारो में कार्यरत थे। वह जीएसटी ज्वाइंट कमिश्नर के पद से सेवानिवृत्त हुए। माता पुष्पा देवी गृहिणी हैं। वर्तमान में उनका परिवार सोनारी, जमशेदपुर में रहता है।
शशिकांत ने मोबाइल पर वार्ता के क्रम में कहा कि कुमार कुशाग्र को बचपन से ही क्रिकेट से लगाव था। इसलिए बोकारो में रहते हुए वह बोकारो क्रिकेट कोचिंग एकेडमी की टीम से खेलने लगा। प्रशिक्षकों की देखरेख में उसने कठिन परिश्रम किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंडर 16 व अंडर 19 जिला टीम में किया गया।
2019 में विजय मर्चेंट ट्रॉफी में रिकार्ड रन बनाया
बाद में झारखंड टीम में चयनित हुए। 2019 में विजय मर्चेंट ट्रॉफी में सबसे अधिक रन बनाया। इसके आधार पर उनका चयन अंडर 19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में किया गया। साउथ अफ्रीका में हुए अंडर 19 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने अपनी टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया।
2021 में रणजी ट्रॉफी मैच में नागालैंड के विरुद्ध 266 रन की रिकॉर्ड पारी खेली। यह प्रथम श्रेणी के मैच में दुनिया के किसी भी खिलाड़ी के सबसे कम उम्र में बनाने वाला रिकॉर्ड स्कोर था। कहा कि विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में दिल्ली कैपिटल की टीम ने उन्हें सात करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा था।
भारत के लिए खेलना चाहता कुशाग्र
कहा कि बोकारो में कुमार कुशाग्र ने बहुत कुछ सीखा। जमशेदपुर में ट्रेनिंग कैंप खोला गया है। कुमार कुशाग्र युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। उन्हें क्रिकेट की तकनीक व नियम से परिचित कराएंगे। साथ ही वह भारत के लिए भी खेलना चाहते हैं। इस दिशा में भी नियमित रूप से कठिन परिश्रम कर रहे हैं।
