Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बारिश और ठंडी हवाओं के बीच जारी है मां वैष्णो देवी की यात्रा, पारंपरिक मार्ग से भवन की ओर बढ़े श्रद्धालु

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 04:42 PM (IST)

    ठंडी हवाओं के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा पारंपरिक मार्ग से सुचारू रूप से जारी रही, हालांकि हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित और बैटरी कार मार्ग बंद रहा। ...और पढ़ें

    मां वैष्णो देवी यात्रा पारंपरिक मार्ग से सुचारू।

    मां वैष्णो देवी यात्रा पारंपरिक मार्ग से सुचारू।

    HighLights

    1. मां वैष्णो देवी की यात्रा पारंपरिक मार्ग से सुचारू रही

    2. हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित, बैटरी कार मार्ग सुरक्षा हेतु बंद

    3. ठंडी हवाओं के बीच 13 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया

    संवाद सहयोगी, कटड़ा। रविवार को मौसम में कुछ सुधार के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी रही। त्रिकूट पर्वत पर दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और बीच-बीच में सूर्यदेव के दर्शन भी हुए। सुहावने मौसम और ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ परिवार और मित्रों के साथ मां के दरबार की ओर बढ़ते रहे।

    हालांकि, रविवार सुबह कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध हुई, लेकिन त्रिकूट पर्वत पर बादलों के जमावड़े के कारण बाद में हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित करनी पड़ी। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग को फिलहाल बंद रखा है। इस मार्ग पर साफ-सफाई और अन्य जरूरी कार्य लगातार जारी हैं। मार्ग का निरीक्षण कर उसे सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही इसे श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा।

    फिलहाल श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से ही मां वैष्णो देवी भवन की ओर यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान घोड़ा, पिट्ठू और पालकी के साथ भवन तथा भैरव घाटी के बीच चलने वाली रोपवे सेवा जैसी सुविधाएं श्रद्धालुओं को उपलब्ध हैं।

    यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं। सभी टीमें मौसम और यात्रा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुखद बनी रहे।

    खबरें और भी

    रविवार को श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद बरसाती आदि साथ लेकर पूरे जोश और श्रद्धा के साथ भवन की ओर रवाना होते रहे। बारिश के मौसम के बावजूद यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है और फिलहाल उन्हें किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

    रविवार दोपहर बाद तीन बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना लगातार जारी था।