श्रीनगर से जम्मू आ रहा SSB काफिला हादसे का शिकार, केला मोड़ टनल के अंदर टकराए वाहन, 3 जवान अस्पताल में
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन के केला मोड़ टनल में SSB के काफिले के तीन वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें तीन जवान घायल हो गए। ...और पढ़ें

रामबन के केला मोड़ टनल में SSB काफिला दुर्घटनाग्रस्त, तीन जवान घायल।
HighLights
SSB काफिले के तीन वाहन टनल में टकराए।
हादसे में तीन SSB जवान घायल, अस्पताल में भर्ती।
रामबन के केला मोड़ टनल में हुआ यह हादसा।
डिजिटल डेस्क, ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर की लाइफलाइन कहे जाने वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामबन जिले के केला मोड़ टनल के अंदर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के काफिले के तीन वाहन आपस में टकरा गए। इस टक्कर में SSB के कम से कम तीन जवान घायल हो गए हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, एसएसबी का काफिला श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रहा था। इसी दौरान जब काफिला रामबन के केला मोड़ स्थित सुरंग के अंदर पहुंचा, तो आगे चल रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिया। सुरंग के अंदर कम दृश्यता और बारिश के कारण फिसलन भरी सड़क पर पीछे आ रहे दो वाहनों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे एक-दूसरे से जोरदार तरीके से टकरा गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। टक्कर की आवाज सुनकर टनल में मौजूद अन्य लोग और हाईवे पर तैनात पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
घायल जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में घायल हुए तीनों SSB जवानों को तुरंत बाहर निकाला गया और रामबन के ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों ने हादसे में घायल एसएसबी जवानों की पहचान असम निवासी जामानी कुमार, जम्मू निवासी पंकज कुमार और राजस्थान निवासी बाबू लाल बताई है।
अधिकारियों ने बताया कि तीनों जवानों की हालत खतरे से बाहर है। गनीमत रही कि हादसा सुरंग के अंदर हुआ, नहीं तो खाई में गिरने से बड़ा नुकसान हो सकता था।
इस हादसे के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे हटाया और यातायात को फिर से बहाल कर दिया।
खबरें और भी
बता दें कि शनिवार को पूरे रामबन सेक्टर में मध्यम दर्जे की बारिश हो रही थी। बारिश के बावजूद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही जारी है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे ही एकमात्र ऐसा मार्ग है जो कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से हर मौसम में जोड़े रखता है, इसलिए इस पर छोटी सी रुकावट भी बड़ी चिंता का विषय बन जाती है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।