Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिवखोड़ी के दर्शन हुए महंगे, मजदूरों की मजदूरी बढ़ी तो श्रद्धालुओं का खर्च भी बढ़ा, जानिए कितनी ढीली करनी पड़ेगी जेब

    By Jugal Kumar Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Mon, 04 May 2026 12:15 PM (IST)

    शिवखोड़ी यात्रा पर घोड़ा, पिट्ठू और पालकी मजदूरों की मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की गई है, जिससे श्रद्धालुओं के लिए यात्रा महंगी हो जाएगी। यह फैसला मजदूरो ...और पढ़ें

    शिवखोड़ी में घोड़ा-पालकी वालों की आय में बंपर बढ़ोतरी।

    शिवखोड़ी में घोड़ा-पालकी वालों की आय में बंपर बढ़ोतरी।

    HighLights

    1. घोड़ा, पिट्ठू, पालकी मजदूरों की मजदूरी में वृद्धि।

    2. शिवखोड़ी यात्रा श्रद्धालुओं के लिए अब अधिक महंगी।

    3. नई बढ़ी हुई दरें 5 मई से होंगी लागू।

    जुगल मंगोत्रा, पौनी। शिवखोड़ी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को अब पहले के मुकाबले अधिक खर्च उठाना पड़ेगा। घोड़ा, पिट्ठू और पालकी मजदूरों की मजदूरी दरों में बढ़ोतरी के फैसले से जहां यात्रियों की जेब पर असर पड़ेगा, वहीं लंबे समय से बेहतर पारिश्रमिक की मांग कर रहे मजदूरों के लिए यह राहत भरी खबर है।

    रविवार को स्थानीय विधायक कुलदीप राज दुबे शिवखोड़ी पहुंचे। उन्होंने बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और इसके बाद घोड़ा, पिट्ठू व पालकी मजदूरों से मुलाकात की। मजदूरों की लंबे समय से लंबित मांगों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की घोषणा की, जिससे मौके पर मौजूद मजदूरों में खुशी की लहर दौड़ गई।

    तय की गई नई दरें

    नई दरों के अनुसार पालकी मजदूरों को अब 1450 रुपये के स्थान पर 2000 रुपये मिलेंगे। घोड़ा मजदूरों की मजदूरी 500 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये कर दी गई है, जबकि बच्चे के साथ सवारी के लिए 800 रुपये तय किए गए हैं। पिट्ठू मजदूरों को पहले 310 रुपये मिलते थे, जिन्हें अब बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा गाइड फीस भी 110 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये कर दी गई है।

    मजदूरी में इस बढ़ोतरी से मजदूरों की आय में सीधा इजाफा होगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। दूसरी ओर, यात्रा के दौरान इन सेवाओं का उपयोग करने वाले श्रद्धालुओं के खर्च में भी बढ़ोतरी होना तय है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और परिवार के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अब पहले से अधिक भुगतान करना पड़ेगा।

    खबरें और भी

    मजदूरों की समस्याओं को प्राथमिकता

    विधायक कुलदीप राज दुबे ने कहा कि शिवखोड़ी यात्रा से जुड़े सभी मजदूर इस धार्मिक पर्यटन की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत के अनुरूप उन्हें उचित पारिश्रमिक मिलना जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी मजदूरों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।

    मजदूरों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि वे लंबे समय से मजदूरी बढ़ाने की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं का इसी तरह समाधान करते रहेंगे। बता दें, कि शिवखोड़ी में प्रतिदिन 2 से 3 हजार श्रद्धालु भोले बाबा के दर्शन करने के लिए आ रहे हैं और मौजूदा समय में 1500 के करीब घोड़ा, पिट्टू, पालकी मजदूर शिवखोड़ी में काम कर रहे हैं।

    शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड में काम करने वाले घोड़ा, पिट्ठू और पालकी मजदूरों के दाम बढ़ा दिए गए हैं। इस संदर्भ में उनके निर्देश पर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राकेश कुमार की तरफ से आदेश जारी कर दिया गया है। नई दरें पांच मई से लागू होंगी। नई दरों के लागू होने से व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। - कुमार अभिषेक, वाइस चेयरमैन शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड रनसू व डीसी रियासी

    शिवखोड़ी यात्रा सेवाओं के पुराने और नए रेट(रुपये में)

    सेवा पहले अब वृद्धि

    • पालकी 1450 2000 550
    • घोड़ा(सामान्य सवारी)
    • 500 700 200
    • घोड़ा (बच्चे के साथ) - 800 -
    • पिट्ठू मजदूर 310 500 190
    • गाइड फीस 110 220 110

    नोट: घोड़े पर बच्चे के साथ सवारी के लिए पहले अलग रेट निर्धारित नहीं था, अब 800 तय किया गया है।