Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिव भक्तों के लिए खुशखबरी! अब शिवखोड़ी यात्रा होगी और सुगम, स्नान से दर्शन तक श्रद्धालुओं को मिलेगी सुरक्षित सुविधा

    By Jugal Kumar Edited By: Rahul Sharma
    Updated: Tue, 16 Jun 2026 12:14 PM (IST)

    शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू में पवित्र शिवगंगा पर घाट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह घाट श्रद्धालुओं को स्नान, दर्शन और धार्मिक अनुष्ठानों ...और पढ़ें

    शिवखोड़ी में 10 लाख की लागत से बन रहा शिवगंगा घाट, फुट ब्रिज और ट्रैक से बदलेगी यात्रा की तस्वीर।

    शिवखोड़ी में 10 लाख की लागत से बन रहा शिवगंगा घाट, फुट ब्रिज और ट्रैक से बदलेगी यात्रा की तस्वीर।

    जुगल मंगोत्रा, पौनी। शिवखोड़ी धाम आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को जल्द ही एक नई सुविधा मिलने जा रही है। आधार शिविर रनसू में पवित्र शिवगंगा पर घाट निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान, दर्शन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।

    पर्यटन विभाग की पहल पर शिवखोड़ी के मुख्य द्वार के निकट बनाए जा रहे इस घाट को तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शिवखोड़ी गुफा की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु सबसे पहले पवित्र शिवगंगा में स्नान कर अपनी यात्रा का शुभारंभ करते हैं। इसके बाद वे रनसू बाजार से करीब तीन किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग से होकर प्राकृतिक शिवखोड़ी गुफा में पहुंचकर भोले बाबा के दर्शन करते हैं।

    पीडब्ल्यूडी द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य के तहत शिवगंगा तक पहुंचने के लिए ट्रैक, दोनों किनारों पर घाट और एक फुट ब्रिज तैयार किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगी। वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिदिन छह से सात हजार श्रद्धालु शिवखोड़ी धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु शिवगंगा के पवित्र जल के दर्शन करने के साथ यहां मौजूद मछलियों को आटा डालकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। शिवगंगा के निकट स्थित नंदी बैल के पांव के निशानों के प्रति भी श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। मान्यता है कि इनके दर्शन से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

    घाट निर्माण के लिए स्थानीय विधायक कुलदीप राज दुबे ने केपेक्स बजट से लगभग 10 लाख रुपये उपलब्ध करवाए हैं। शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड प्रबंधन के अनुसार घाट बनने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान होगा और यात्रा पहले से अधिक सुगम तथा व्यवस्थित बन सकेगी।

    खबरें और भी

    श्रद्धालुओं को होंगे ये लाभ

    • शिवगंगा में सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्नान की सुविधा मिलेगी।
    • श्रद्धालु आसानी से शिवगंगा के दर्शन कर सकेंगे।
    • धार्मिक अनुष्ठानों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।
    • नंदी बैल के पावन निशानों के दर्शन में सुविधा होगी।
    • बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाएं और बेहतर होंगी। शिवखोड़ी धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए किए जा रहे विकास कार्यों से आने वाले समय में तीर्थयात्रियों को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

    'शिवगंगा में घाट बनने के बाद श्रद्धालुओं को स्नान इत्यादि करने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। श्रद्धालु शिवगंगा के दर्शन भी सुगमता से कर पाएंगे।' -कुमार अभिषेक, वाइस चेयरमैन शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड, रनसू व डीसी रियासी

    क्या बोले विधायक

    'शिवखोड़ी के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिवगंगा पर घाट निर्माण के लिए पर्यटन विभाग से करीब 90 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और बहुत जल्द श्रद्धालुओं को इसकी सुविधा प्राप्त हो जाएगी।' -कुलदीप राज दुबे, विधायक, रियासी