जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण शिवखोड़ी यात्रा स्थगित, रनसू बाजार में पसरा सन्नाटा
लगातार बारिश के कारण श्री शिवखोड़ी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है, जिससे रनसू बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। ...और पढ़ें

शिवखोड़ी यात्रा स्थगित, रनसू बाजार में पसरा सन्नाटा।
HighLights
लगातार बारिश से शिवखोड़ी यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित
रनसू बाजार में सन्नाटा, व्यापारियों की आजीविका प्रभावित
प्रशासन से यात्रा जल्द बहाल करने की मांग
संवाद सहयोगी, पौनी। लगातार हो रही बारिश के कारण श्री शिवखोड़ी की यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित रहने से रनसू बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। सामान्य दिनों में जहां श्रद्धालुओं की आवाजाही से बाजार गुलजार रहता था। वहीं, यात्रा बंद होने के कारण अधिकांश दुकानें ग्राहकों के इंतजार में खाली पड़ी हैं।
इससे स्थानीय दुकानदारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ा है। रनसू बाजार के अधिकांश व्यापारी अपनी आय के लिए शिवखोड़ी आने वाले श्रद्धालुओं पर निर्भर हैं। यात्रा के दौरान होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, प्रसाद, पूजा सामग्री, चाय-पानी तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों पर अच्छी बिक्री होती है, लेकिन यात्रा बंद होने से व्यापार लगभग ठप हो गया है।
व्यापार मंडल रनसू की प्रधान सुरेष्टा देवी ने बताया कि शिवखोड़ी यात्रा ही यहां के व्यापारियों की आय का मुख्य स्रोत है। श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद होने से दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मौसम सामान्य होते ही यात्रा दोबारा शुरू होगी और बाजार में फिर से रौनक लौटेगी। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से मौसम सामान्य होने पर जल्द से जल्द यात्रा बहाल करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के व्यापारियों और मजदूरों की आजीविका फिर से पटरी पर लौट सके।