जम्मू-कश्मीर: पौनी में भारी बारिश से ढहा कच्चा मकान, परिवार बेघर, सामान मलबे में दबा
पौनी के ठेरु गांव में लगातार बारिश से परस राम का कच्चा मकान ढह गया, जिससे घरेलू सामान मलबे में दब गया। ...और पढ़ें

रनसू के ठेरु गांव में बारिश से ढहे कच्चे मकान को दिखाता पीड़ित परस राम।-जागरण
HighLights
पौनी के ठेरु गांव में भारी बारिश से मकान ढहा
परस राम का कच्चा मकान गिरा, घरेलू सामान नष्ट हुआ
परिवार सुरक्षित, प्रशासन से तत्काल राहत की मांग
जागरण संवाददात, पौनी। लगातार हो रही बारिश का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। रनसू क्षेत्र के ठेरु गांव में भारी वर्षा के चलते परस राम का कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान गिरने से घर के अंदर रखा घरेलू सामान मलबे की चपेट में आकर खराब हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थान पर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
पूर्व डीडीसी सदस्य केवल कृष्ण शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के सामने बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी कई परिवार कच्चे मकानों में रह रहे हैं, जो लगातार हो रही बारिश के कारण असुरक्षित हो गए हैं। ऐसे मकानों का सर्वे कर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की आवश्यकता है। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार की हर संभव सहायता करने की अपील की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो अन्य कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।