ऊधमपुर में दरका पहाड़, मलबा गिरने से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद; गाड़ियों की लगी लंबी कतार
जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में रविवार शाम को हुए भारी भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) अवरुद्ध हो गया। इससे श्रीनगर जाने वाला मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है।
HighLights
ऊधमपुर जिले में रविवार शाम को भारी भूस्खलन हुआ।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पूरी तरह से अवरुद्ध।
श्रीनगर की ओर जाने वाला मार्ग बाधित हो गया।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर ऊधमपुर और चिनैनी के बीच धर्मथल इलाके में रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक भारी भूस्खलन होने से श्रीनगर की ओर जाने वाली अप ट्यूब पर यातायात प्रभावित हो गया। पहाड़ी दरकने से बड़ी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गिरा। गनीमत रही कि भूस्खलन से पहले ही एहतियातन जम्मू से श्रीनगर की ओर जाने वाले वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भूस्खलन से कुछ देर पहले पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिरने लगे थे। खतरे को भांपते हुए यातायात पुलिस ने जम्मू से श्रीनगर जाने वाले वाहनों को रोक दिया। करीब दस मिनट बाद ही पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक दरक गया और देखते ही देखते मलबा सड़क पर आ गिरा। मलबे के साथ पहाड़ी पर लगे करीब आधा दर्जन पेड़ भी टूटकर हाईवे पर आ गिरे।
यातायात ठप होने से रोकने के लिए रूट डायवर्ट
भूस्खलन के बाद यातायात पुलिस ने बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी। प्रभावित हिस्से में छोटे यात्री वाहनों को श्रीनगर से जम्मू जाने वाली डाउन ट्यूब की ओर डायवर्ट कर दिया गया, ताकि यातायात को पूरी तरह ठप होने से बचाया जा सके।
ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट ऊधमपुर के अनुसार अप ट्यूब पर काफी मात्रा में मलबा जमा हो गया है। मलबा हटाने के लिए मशीनें मौके पर पहुंचकर काम में जुट गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति सामान्य रही तो अगले तीन से चार घंटे में मलबा हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
-1786883776029.webp)
वाहनों की लंबी कतार
धर्मथल में बड़े वाहनों की आवाजाही रुकने का असर ऊधमपुर शहर के आसपास के मार्गों पर भी पड़ा। जखैनी से लेकर टिकरी और मजालता तक राष्ट्रीय राजमार्ग तथा धार रोड पर कई स्थानों पर वाहनों की कतारें लग गईं। अचानक बढ़े यातायात दबाव के कारण कई जगह जाम की स्थिति बनी रही और वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।

