'कश्मीरियों पर हमला करने वालों को बख्शेंगे नहीं...', फहीम नजीर से मिलकर बोले BJP नेता रविंदर रैना
दिल्ली में कथित मारपीट का शिकार हुए कश्मीरी युवक फहीम नजीर ने भाजपा नेता रविंदर रैना से मुलाकात कर अपना दर्द साझा किया।

कश्मीरी युवक फहीम नजीर ने बुधवार को भाजपा नेता रविंदर रैना से मुलाकात की।
HighLights
फहीम नजीर ने रविंदर रैना से दिल्ली मारपीट का दर्द साझा किया
रैना ने घटना की निंदा की, दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कश्मीरियों के समर्थन में बयान दिया
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दिल्ली में कथित मारपीट का शिकार हुए कश्मीरी युवक फहीम नजीर ने बुधवार को भाजपा नेता रविंदर रैना से मुलाकात कर अपना दर्द साझा किया।
रैना ने युवक को सांत्वना देते हुए घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि कश्मीरियों को निशाना बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई का यकीन दिलाया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
रैना ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस वालों ने एक कश्मीरी को दिल्ली में मारा है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने फहीम की हिम्मत की सराहना करते हुए कहा कि तुमने जो किया है, उसको सलाम है। रैना ने कांग्रेस के ‘मोहब्बत की दुकान’ के नारे पर भी सवाल उठाए और कहा कि निर्दोष लोगों के साथ ऐसा व्यवहार करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर इस मामले में एफआइआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। रैना ने दावा किया कि किसी भी कश्मीरी को परेशान करने वालों को माफ नहीं किया जाएगा।
उन्होंने फहीम की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीरी भी देश के वफादार नागरिक हैं और उनके साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि आठ अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान श्रीनगर निवासी फहीम नजीर के साथ कथित मारपीट हुई थी। फहीम का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाने और राजनीतिक मुद्दों पर सवाल उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया।
वहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों ने उन पर राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने नौ अक्टूबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब इस घटना को लेकर रविंदर रैना के बयान ने राजनीतिक विवाद को और हवा दे दी है।
