विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं मोहम्मद जैद मलिक? NIA की जम्मू शाखा की कमान संभालने वाले पहले JKPS अधिकारी, 20 साल का आतंकरोधी अनुभव

Published: Thu, 08 Oct 2026 02:12 PM (IST)

मोहम्मद जैद मलिक राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के जम्मू शाखा कार्यालय में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में नियुक्त होने ...और पढ़ें

JKPS के मोहम्मद जैद मलिक संभालेंगे शाखा की कमान।

JKPS के मोहम्मद जैद मलिक संभालेंगे शाखा की कमान।

HighLights

  1. मोहम्मद जैद मलिक एनआईए जम्मू शाखा के एसपी नियुक्त।

  2. पहले जेकेपीएस अधिकारी जिन्होंने एनआईए जम्मू की कमान संभाली।

  3. दो दशकों से अधिक का पुलिसिंग, आतंकवाद-विरोधी अनुभव है।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर पुलिस सेवा (जेकेपीएस) कैडर के वरिष्ठ अधिकारी मोहम्मद जैद मलिक जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के जम्मू शाखा कार्यालय में बतौर एसपी अपनी नई जिम्मेदारी ग्रहण कर ली है। वह एनआइए के स्थानीय कार्यालय की कमान संभालने वाले जेकेपीएस कैडर के पहले अधिकारी हैं। उनकी इस नियुक्ति को जम्मू-कश्मीर पुलिस सेवा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

मोहम्मद जैद मलिक को 29 सितंबर को प्रतिनियुक्ति के आधार पर एनआइए में शामिल किया गया था। एनआइए मुख्यालय की ओर से मंगलवार को को जारी आदेश के तहत उन्हें जम्मू स्थित एनआइए शाखा कार्यालय में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात किया गया है।

वर्ष 2001 में जम्मू-कश्मीर पुलिस सेवा में शामिल हुए मलिक को पुलिसिंग के साथ-साथ आतंकवाद-रोधी अभियानों का दो दशक से अधिक का व्यापक अनुभव है। चार वर्ष की प्रतिनियुक्ति पर एनआइए में भेजे गए मलिक की प्रतिनियुक्ति को निर्धारित नियमों के तहत सात वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।

बारामुला, बांडीपोर और अनंतनाग में संभाला ऑपरेशन का जिम्मा

मोहम्मद जैद मलिक के पुलिस करियर का सबसे अहम पक्ष उनका लंबा मैदानी अनुभव रहा है। उन्होंने अपने दो दशक से अधिक लंबे सेवाकाल में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और वह अवंतीपोर और बांडीपोर में जिला पुलिस की कमान संभाल चुके हैं।

इसके अलावा उन्होंने बारामुला, बांडीपोर और अनंतनाग में एसपी आपरेशन के रूप में आतंकरोधी अभियानों का भी संचालन किया है।

पुलिसिंग से NIA तक, अब जम्मू शाखा में अहम जांच की जिम्मेदारी

एनआइए में नई जिम्मेदारी संभालने के साथ मलिक के सामने अब जम्मू शाखा के स्तर पर एजेंसी से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की निगरानी और जांच का दायित्व होगा। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ जांच में एनआइए की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

ऐसे में स्थानीय पुलिसिंग और सुरक्षा अभियानों का लंबा अनुभव रखने वाले अधिकारी की नियुक्ति विशेष महत्व रखती है।दो दशक से अधिक समय तक जम्मू-कश्मीर में पुलिसिंग और आतंकवाद-रोधी अभियानों का अनुभव हासिल करने के बाद अब मोहम्मद जैद मलिक को राष्ट्रीय जांच एजेंसी में अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करने का अवसर मिला है।

जम्मू शाखा की कमान उनके हाथों में आने के साथ स्थानीय स्तर के अनुभव और राष्ट्रीय जांच तंत्र के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद भी की जा रही है।