विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जब ‘मिर्जापुर’ के दर्शक बने CM उमर अब्दुल्ला, हाथ में फाइलों की जगह था टिकट; पंकज त्रिपाठी से भी की मुलाकात

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:20 PM (IST)

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 'मिर्जापुर: द मूवी' देखी। उन्होंने आम दर्शकों ...और पढ़ें

पंकज त्रिपाठी से मुलाकात करते सीएम उमर अब्दुल्ला। फोटो जागरण

पंकज त्रिपाठी से मुलाकात करते सीएम उमर अब्दुल्ला। फोटो जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने देखी 'मिर्जापुर: द मूवी'।

  2. श्रीनगर में पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का हिस्सा बने।

  3. पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु से हुई खास मुलाकात।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। सियासत की व्यस्तताओं के बीच सोमवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का अंदाज कुछ अलग नजर आया। हाथ में फाइलों की जगह सिनेमा का टिकट था और मंजिल थी मल्टीप्लेक्स। मौका जम्मू-कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का था और पर्दे पर थी चर्चित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’।

उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर के शिवपोरा स्थित आईनाक्स मल्टीप्लेक्स में आम दर्शकों के बीच बैठकर फिल्म का आनंद लिया। फिल्म के बाद उनकी मुलाकात पर्दे के चर्चित कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी और मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु से भी हुई।

‘रंग-ए-सिनेमा’ थीम पर हो रहे आइएफएफजेके में मुख्यमंत्री का यह सिनेमा प्रेम खूब चर्चा में रहा। सोमवार शाम एसकेआईसीसी में महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद उमर मंगलवार को दर्शकों के बीच पहुंचे और फिल्म देखी।

उन्होंने पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु का जम्मू-कश्मीर में स्वागत किया तथा दोनों कलाकारों को सम्मानित भी किया। पंकज त्रिपाठी फिल्म में कालीन भैया की भूमिका में हैं, जबकि दिव्येंदु ‘मिर्जापुर’ सीरीज के मुन्ना भैया के किरदार से दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुके हैं।

प्रदेश का सिनेमा से रिश्ता और मजबूत

उमर ने दोनों कलाकारों के भारतीय सिनेमा में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश के प्रमुख कलाकारों और फिल्मकारों की जम्मू-कश्मीर में मौजूदगी से प्रदेश का सिनेमा से रिश्ता और मजबूत होगा। इससे यहां एक जीवंत फिल्म इकोसिस्टम विकसित करने में भी मदद मिलेगी।

जम्मू-कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का उद्घाटन सोमवार को एसकेआईसीसी में हुआ। चार दिवसीय इस आयोजन में 30 से अधिक देशों की भागीदारी है और 130 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर और सिनेमा के पुराने रिश्ते को नई ऊंचाई देना और दुनिया की विविध सिनेमाई परंपराओं को एक मंच पर लाना है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, मंडलायुक्त कश्मीर अंशुल गर्ग, श्रीनगर के उपायुक्त अक्षय लाबरू और सूचना निदेशक श्रेया सिंघल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।