विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कचरा आपका, जिम्मेदारी भी आपकी...', जम्मू-कश्मीर के बडगाम से नई पहल शुरू; प्रशासन ने उत्पादकों को दिए सख्त निर्देश

Published: Fri, 09 Oct 2026 12:10 AM (IST)

बडगाम में थोक कचरा उत्पादकों के पहले सम्मेलन में उन्हें अपने कचरे के प्रबंधन की जिम्मेदारी लेने का स्पष्ट संदेश ...और पढ़ें

कचरे को लेकर जम्मू-कश्मीर के बडगाम से नई पहल शुरू। फोटो जागरण

कचरे को लेकर जम्मू-कश्मीर के बडगाम से नई पहल शुरू। फोटो जागरण

HighLights

  1. बडगाम में थोक कचरा उत्पादकों का पहला सम्मेलन आयोजित।

  2. कचरा उत्पादकों को अपने कचरे के प्रबंधन की जिम्मेदारी लेनी होगी।

  3. यह पहल स्वच्छ बाजारों और टिकाऊ कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देगी।

नवीन नवाज, श्रीनगर। प्रदेश के शहरों और कस्बों में बढ़ती कचरे की समस्या के बीच बडगाम से कचरा प्रबंधन में जवाबदेही तय करने की नई पहल शुरू हुई है। जिला प्रशासन की ओर से पहली बार आयोजित थोक कचरा उत्पादकों (बल्क वेस्ट जेनरेटर्स- बीडब्लयूजी) के सम्मेलन में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों और अन्य बड़े कचरा उत्पादकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि अपने यहां पैदा होने वाले कचरे की जिम्मेदारी अब किसी और पर नहीं छोड़ी जा सकती। यह जम्मू-कश्मीर में अपनी तरह का पहला सम्मेलन है।

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए आवास एवं शहरी विकास विभाग की आयुक्त सचिव मंदीप कौर ने कहा कि प्रत्येक व्यवसायिक प्रतिष्ठान और थोक कचरा उत्पादक को अपने कचरे के प्रसंस्करण और प्रबंधन की जिम्मेदारी स्वयं उठानी होगी। उन्होंने बाजार बंद होने के बाद दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों के बाहर कचरा छोड़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की जरूरत पर जोर दिया।

मंदीप कौर ने कहा कि कचरा उत्पादक आन-साइट प्रोसेसिंग, कम्पोस्टिंग जैसी व्यवस्थाएं अपना सकते हैं या कचरा संग्रह एवं निपटान के लिए अधिकृत निजी अथवा नगरपालिका एजेंसियों की सेवाएं ले सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निकायों से प्रत्येक प्रतिष्ठान द्वारा उत्पन्न कचरे की जिम्मेदारी उठाने की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

कचरा प्रबंधन में जवाबदेही का अहम कदम

बडगाम का यह सम्मेलन महज जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल है। अभी तक कचरे के संग्रह से लेकर निपटान तक की बड़ी जिम्मेदारी स्थानीय निकायों पर रहती है।

बीडब्लयूजी को अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने से कचरे को स्रोत पर अलग करने, उसके प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण को बढ़ावा मिल सकता है। इससे बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर कम करने के साथ पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की रक्षा में भी मदद मिलेगी।

इस पहल का एक महत्वपूर्ण पक्ष कचरे को समस्या के बजाय संसाधन और आर्थिक अवसर के रूप में देखने की सोच है। युवाओं को स्वच्छता उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित करने से कचरा संग्रह, छंटाई, पुनर्चक्रण और कम्पोस्टिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार की नई संभावनाएं पैदा हो सकती हैं।

हर जिले में होंगे सम्मेलन

मंदीप कौर ने कहा कि कचरा प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और जागरूकता के लिए ऐसे सम्मेलन सभी जिलों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जनभागीदारी को सफलता की कुंजी बताते हुए व्यापारिक संघों, संस्थानों, सोसायटियों और अन्य हितधारकों से अपने स्तर पर प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने का आह्वान किया।

बडगाम के उपायुक्त अतहर आमिर ने संस्थागत क्षमता मजबूत करने और हर स्तर पर जवाबदेही तय करने पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन में पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया तथा दूधपथरी और शालीगंगा जैसी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

वेस्ट टू वेल्थ पहल के अवसरों से भी अवगत

स्वच्छ भारत मिशन जम्मू-कश्मीर के प्रबंध निदेशक ड देवांश यादव ने बीडब्लयूजी को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को सीपीसीबी पोर्टल पर पंजीकरण, अधिकृत कचरा प्रबंधन एजेंसियों और वेस्ट टू वेल्थ पहल के अवसरों से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में शहरी स्थानीय निकाय कश्मीर के निदेशक डा फैयाज अहमद बांडे, विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एवं सेवा क्षेत्र के प्रतिनिधि, स्कूलों व निजी संस्थानों के प्रतिनिधि, रेस्तरां मालिक और दुकानदार शामिल हुए।

सीपीसीबी पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया और प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया। अंत में मंदीप कौर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता शपथ दिलाई।

बडगाम की यह पहल प्रभावी ढंग से लागू हुई तो यह जम्मू-कश्मीर में ‘कचरा पैदा करने वाले की जवाबदेही’ की नई संस्कृति विकसित करने के साथ स्वच्छ बाजारों, बेहतर पर्यावरण और टिकाऊ कचरा प्रबंधन की मजबूत नींव रख सकती है।