Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'फिक्स्ड मैच खेल रही PDP', इल्तिजा की FIR पर सकीना इट्टू का दावा; महबूबा मुफ्ती के बयान से ध्यान भटकाने की कोशिश

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 05:37 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इट्-टू ने इल्तिजा मुफ्ती की एफआईआर पर पीडीपी को 'फिक्स्ड मैच' खेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह विवाद महबूबा ...और पढ़ें

    सकीना इट्टू का पीडीपी पर हमला। फाइल फोटो

    सकीना इट्टू का पीडीपी पर हमला। फाइल फोटो

    HighLights

    1. सकीना इट्-टू ने इल्तिजा मुफ्ती एफआईआर पर पीडीपी को घेरा।

    2. महबूबा मुफ्ती के जंतर-मंतर बयान से ध्यान भटकाने का आरोप।

    3. अनुच्छेद 370 निरस्त होने की वर्षगांठ पर हुआ था प्रदर्शन।

    राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इट्-टू ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर तीखा हमला बोला है। इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि पीडीपी ‘फिक्स्ड मैच’ खेल रही है।

    उनका आरोप है कि जंतर-मंतर पर पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के बयान से लोगों का ध्यान हटाने के लिए एफआईआर के मुद्दे को उछाला जा रहा है। उक्त प्रदर्शन के दौरान महबूबा मुफ्ती ने कश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग और पैलेट गन के प्रयोग को कथित तौर सही ठहराते हुए कहा था कि कश्मीर में आतंकवाद है इसलिए वहां बनता है।

    दक्षिण कश्मीर में शनिवार को एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में सकीना इट्टू ने कहा कि एफआईआर को लेकर बनाई जा रही बहस एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि असली मुद्दा वह बयान है, जो महबूबा मुफ्ती ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर पीडीपी के प्रदर्शन के दौरान दिया था।

    सकीना इट्टू के अनुसार, “एक स्क्रिप्टेड नैरेटिव तैयार किया जा रहा है। असली मुद्दा महबूबा मुफ्ती का जंतर-मंतर वाला बयान है। एफआईआर का मुद्दा केवल ध्यान भटकाने की कोशिश है।”

    छह अगस्त के प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ विवाद

    इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ एफआईआर का मामला छह अगस्त को पीडीपी के प्रदर्शन के बाद सामने आया। यह प्रदर्शन अनुच्छेद 370 के निरस्त होने की सातवीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया गया था।

    खबरें और भी

    पुलिस ने महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ एक पुलिस अधिकारी के साथ कथित मारपीट के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान इल्तिजा मुफ्ती ने एक पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की।

    वहीं, पीडीपी ने पुलिस के आरोपों को खारिज किया है। इल्तिजा मुफ्ती का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की।

    नेकां और पीडीपी में बढ़ी सियासी तकरार

    एफआईआर दर्ज होने के बाद जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों दलों के नेता घटना को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। सकीना इट्टू का बयान ऐसे समय आया है, जब जंतर-मंतर प्रदर्शन और वहां दिए गए बयानों को लेकर जम्मू-कश्मीर की राजनीति में बहस तेज है। पीडीपी लगातार अपने नेताओं के खिलाफ हुई कार्रवाई का विरोध कर रही है।