जम्मू-कश्मीर की डल झील में डराने वाला मंजर, तूफानी हवा में फंसे 15 से अधिक पर्यटक; रेस्क्यू टीम ने सभी को बचाया
डल झील में तेज हवाओं और बारिश के कारण कुछ शिकारा नेहरू पार्क के पास फंस गईं, जिससे 15 से अधिक पर्यटक मुश्किल में पड़ गए।
-1791467019333_m.webp)
डल झील में तूफानी हवा के बीच फंसी शिकारा। फोटो जागरण
HighLights
डल झील में तेज हवाओं और बारिश से शिकारा फंसी।
नेहरू पार्क के पास 15 से अधिक पर्यटक मुश्किल में पड़े।
सीआरपीएफ और एसडीआरएफ ने सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचाया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की खूबसूरत डल झील में वीरवार को मौसम ने अचानक करवट ली और पर्यटकों की सैर कुछ देर के लिए परेशानी में बदल गई। तेज हवाओं और बारिश के बीच डल झील में सवारियों को लेकर निकली कुछ शिकारा नेहरू पार्क के पास फंस गई। शिकारा में सवार पर्यटक अचानक आई मुश्किल से घिर गए, जिसके बाद मौके पर राहत और बचाव दल को सक्रिय किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, शिकारे में सवार पर्यटक डल झील की सैर का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान तेज हवाओं और बारिश के कारण शिकारे का सफर बाधित हो गया और वह नेहरू पार्क के नजदीक आगे नहीं बढ़ सका। घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और अन्य बचाव दल तुरंत हरकत में आए।
बचाए गए सभी पर्यटक
बचाव टीमों ने बिना समय गंवाए अभियान शुरू किया और शिकारा में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। शुरुआती जानकारी में पर्यटकों की संख्या करीब 15 बताई गई, हालांकि बचाव के समय उनकी सटीक गिनती नहीं हो सकी।
अधिकारी ने अनुमान जताते हुए बताया कि सभी शिकारा में सवार पर्यटकों की संख्या 15 से अधिक भी हो सकती है। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि सभी पर्यटक सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
