स्वतंत्रता दिवस से पहले कश्मीर में तलाशी अभियान तेज, घाटी में चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी, दक्षिण कश्मीर में अलर्ट
कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां तैयारियां तेज कर रही हैं, जिसमें चेकिंग, नाकाबंदी, गश्त बढ़ाई गई है। अधिकारियों ने विभिन्न जि ...और पढ़ें

15 अगस्त से पहले श्रीनगर के लाल चौक पर सुरक्षा बढ़ाई गई। (जागरण- साहिल मीर)
HighLights
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए कश्मीर घाटी में सुरक्षा तैयारियां तेज।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
चेकिंग, नाकाबंदी, गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी।
राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू: स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर कश्मीर घाटी में सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियों को तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, जिसमें चेकिंग, नाकाबंदी, गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों के लिए संवेदनशील इलाकों और श्रीनगर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम कश्मीर में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक
कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक वीके बिर्दी ने पुलिस कंट्रोल रूम कश्मीर में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, आइटीबीपी, आरपीएफ, सीआइडी, ट्रैफिक पुलिस समेत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने और रैलियों के लिए जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा को लेकर अलर्ट
श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में मुख्य समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई। दक्षिण कश्मीर में भी सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। डीआइजी जावेद इकबाल मट्टू ने पुलिस जिला अवंतीपोरा में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने पुलिस, सेना और केंद्रीय सशस्त्र बलों के बीच समन्वय बढ़ाने और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी कोशिश को रोकने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस से पहले की गई इन बैठकों के बाद घाटी में निगरानी और गश्त बढ़ाने की संभावना है।