श्रीनगर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सड़क पर जाने से रोका तो सुरक्षाबलों से धक्का-मुक्की; CEC के खिलाफ नारेबाजी
श्रीनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'ब्लैक डे' मनाते हुए प्रदर्शन किया। पार्टी मुख्यालय ...और पढ़ें

श्रीनगर में कांग्रेस का प्रदर्शन। (फोटो- साहिल मीर /जागरण)
HighLights
कांग्रेस ने श्रीनगर में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 'ब्लैक डे' मनाया।
कार्यकर्ताओं को पार्टी मुख्यालय से बाहर निकलने से सुरक्षाबलों ने रोका।
सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर जमकर नारेबाजी हुई।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीइसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी विरोध वीरवार को श्रीनगर की सड़कों पर भी दिखाई दिया। एमए रोड पर स्थित जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) मुख्यालय में एकत्र हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘ब्लैक डे’ मनाते हुए चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से बाहर निकलकर मुख्य सड़क पर जाने की कोशिश की और मौके पर तैनात सुरक्षाबलों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और सुरक्षाबलों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और काफी देर तक मौके पर गतिरोध बना रहा। प्रदर्शनकारियों के हाथों में अलग-अलग पोस्टर और बैनर थे।
एक बड़े बैनर पर 'चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल–ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करें' लिखा था, जबकि अन्य पोस्टरों पर 'बाॅय-बॉय फेयर इलेक्शन इन इंडिया' और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठाए गए थे। पोस्टरों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे।
मुख्य सड़क की ओर बढ़े कार्यकर्ता, सुरक्षाबलों ने रोका
श्रीनगर एमए रोड पर स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर रैली निकालने का प्रयास किया। सुरक्षाबलों ने पहले ही रास्ते में मोर्चा संभाल रखा था। जैसे ही प्रदर्शनकारी गेट खोल आगे बढ़े, उन्हें रोक दिया गया। दोनों ओर से आगे बढ़ने और रोकने की कोशिश के बीच कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति बनी।
मौके पर पहले से मौजूद बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने उनके इस प्रयास को असफल बना दिया। यह गतिरोध कुछ देर का नहीं रहा और घंटों तक मौके पर तनातनी बनी रही। अंततः सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को मुख्य सड़क से पीछे हटाकर वापस पार्टी मुख्यालय के भीतर भेज बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।
सीइसी के इस्तीफे की मांग पर अड़े कांग्रेस कार्यकर्ता
कार्यालय परिसर में लौटने के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और सीइसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए तथा उनके इस्तीफे की मांग दोहराई।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यह प्रदर्शन केवल पार्टी का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को उठाने के लिए किया गया है। कांग्रेस और आइएनडीआइए ब्लॉक इसी मुद्दे को लेकर सीइसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
दिल्ली की कार्रवाई के बाद श्रीनगर में ‘ब्लैक डे’
श्रीनगर का प्रदर्शन दिल्ली में बुधवार को हुई कार्रवाई की पृष्ठभूमि में हुआ। दिल्ली में आइएनडीआइए ब्लॉक के नेताओं और सांसदों ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस ने इसके विरोध में 8 अक्टूबर को देशभर में प्रदर्शन का आह्वान किया था।
कांग्रेस ने साफ किया कि सीइसी के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब मिलने तक उसका विरोध जारी रहेगा।
