विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

JK Weekly Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी, पुंछ-डोडा समेत इन छह जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी; जानें सात दिन कैसा रहेगा मौसम?

By Jagran News Edited By: Monu Kumar Jha
Updated: Thu, 01 Feb 2024 09:51 AM (IST)

Jammu Weekly Weather News हिमपात ने जम्मू कश्मीर में अपनी चमक दिखा दी है। बुधवार को जम्मू संभाग के कई पर्यटन स्थलों समेत कश्मीर के पहाड़ों पर हिमपात ह ...और पढ़ें

Jammu Weekly Weather News: पहाड़ों पर बर्फबारी, पुंछ-डोडा समेत इन छह जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी
Jammu Weekly Weather News: पहाड़ों पर बर्फबारी, पुंछ-डोडा समेत इन छह जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी

HighLights

  1. माता वैष्णो देवी पर्वत की ऊपरी चोटियों पर हुई बर्फबारी।
  2. मुगल रोड छह दिन से बंद।
  3. श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जोजिला में भी बर्फबारी।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर/जम्मू।Jammu Kashmir Weekly Weather News हिमपात ने जम्मू कश्मीर में अपनी चमक दिखा दी है। बुधवार को जम्मू संभाग के कई पर्यटन स्थलों समेत कश्मीर के पहाड़ों पर हिमपात हुआ। नत्थाटाप, गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम के पर्यटक स्थलों पर रात भर बर्फबारी हुई जोकि बुधवार को दिन में भी रुक-रुककर जारी रही।

माता वैष्णो देवी पर्वत की ऊपरी चोटियों पर हुई बर्फबारी

कश्मीर के पहाड़ चांदी से चमक उठे हैं, किंतु मैदानी क्षेत्रों में बर्फ गिरने का इंतजार है। कटड़ा में माता वैष्णो देवी भवन के त्रिकुटा पर्वत की ऊपरी चोटियों पर दो से तीन इंच बर्फ गिरी है। वर्षा भी हुई है, जिससे कटड़ा से सांझीछत के बीच चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रही।

मुगल रोड छह दिन से बंद

मुगल रोड पर बर्फ और जम गई है, जिससे यह छह दिन से बंद है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फिसलन है, किंतु यातायात जारी है। इस बीच, प्रशासन ने बर्फबारी के मद्देनजर प्रदेश के छह जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

पुंछ, डोडा, बारामुला, बांडीपोरा, कुपवाड़ा और गांदरबल जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और हिमस्खलन की आशंका वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है।

गुरुवार को भी वर्षा और हिमपात के आसार

मौसम कार्यालय ने गुरुवार को भी वर्षा और हिमपात के आसार जताए हैं। कुपवाड़ा, बांडीपोरा, बारामुला, गांदरबल, शोपियां, कुलगाम और अनंतनाग में ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। ऐसा मौसम चार फरवरी तक रहेगा। पिछले तीन दिन से जम्मू कश्मीर में मौसम मेहरबान है।

यह भी पढ़ें: Budget 2024: शिक्षा, स्वास्थ्य और खेती पर रहे विशेष जोर... केंद्रीय बजट से जम्मू-कश्मीर को बड़ी उम्मीदें

श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जोजिला में भी बर्फबारी

लंबे इंतजार के बाद बर्फबारी ने गति पकड़ ली है। अनंतनाग जिले के कोकरनाग, कुपवाड़ा के हंदवाड़ा और बांडीपोरा जिले के गुरेज में भी हिमपात हुआ। श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जोजिला में भी बर्फबारी हुई है। जम्मू संभाग में ऊधमपुर जिले के नत्थाटाप में भी बर्फबारी हुई।

किश्तवाड़ जिले में मचैल में दो से तीन इंच, माड़वा बाड़वन इलाके में छह इंच से ज्यादा, संथन मैदान से लेकर संथन टाप तक एक फीट से ज्यादा बर्फबारी हुई है। किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग पिछले 15 दिन से बंद चल रहा है। राजौरी व पुंछ में भी वर्षा और हिमपात जारी रहा। कठुआ जिले के पहाड़ भी बर्फ से सफेद हो गए हैं।

जम्मू-कश्मीर में अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम?

जम्मू में अगले सात दिन मौसम में बदलाव होने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक लुढ़कने की संभावना है।

श्रीनगर में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही यहां पर अब बर्फबारी भी शुरू हो गई है। आपको बता दें कि एक फरवरी से सात फरवरी तक अधिकतम तापमान 0 डिग्री से 2 डिग्री तक जा सकता है तो वहीं पर न्यूनतम पारा -10 डिग्री से -4 डिग्री तक लुढ़क सकता है।

अगर ऊधमपुर जिले की बात करें तो यहां का अधिकतम तापमान 11 से 14 डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि न्यूनतम पारा सात डिग्री से एक डिग्री तक लुढ़क सकता है।

यह भी पढ़ें: Weather Updates: हिमपात ने पर्वतीय राज्यों को दी राहत, पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर; दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बढ़ी ठंड