Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेंगलुरु से कुरियर में आई मोबाइलों की खेप, जम्मू-कश्मीर में 59 फोन के साथ दो गिरफ्तार; नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 11:06 PM (IST)

    मजहमा रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने 59 स्मार्टफोन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान बारामुला के शहनवाज और महबूब के रूप में हुई है। ...और पढ़ें

    जांच में जुटी जम्मू-कश्मीर पुलिस। फाइल फोटो

    जांच में जुटी जम्मू-कश्मीर पुलिस। फाइल फोटो


    HighLights

    1. मजहमा रेलवे स्टेशन पर 59 स्मार्टफोन जब्त, दो युवक गिरफ्तार।

    2. बेंगलुरु से कुरियर द्वारा भेजी गई मोबाइलों की खेप का खुलासा।

    3. पुलिस अंतरराज्यीय चोरी नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।

    राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। मजहमा रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 59 स्मार्टफोन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को बरामद मोबाइल चोरी के होने का संदेह है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मोबाइलों की यह खेप नवंबर 2025 में बेंगलुरु से कुरियर के माध्यम से भेजी गई थी। पुलिस अब इस पूरे मामले के अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मजहमा रेलवे स्टेशन के बाहर तैनात रेलवे पुलिस के जवानों ने बाइक सवार दो युवकों को एक भारी पॉलीथिन बैग ले जाते देखा। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उन्हें रोककर बैग के बारे में पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने बैग की तलाशी ली। इसमें अलग-अलग कंपनियों के 59 नए स्मार्टफोन बरामद हुए।

    पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान शहनवाज अहमद राथर (25), पुत्र अब्दुल रहमान राथर और महबूब हुसैन राथर (18), पुत्र फैयाज अहमद राथर, दोनों निवासी मट्टीपोरा, पट्टन, जिला बारामुला के रूप में हुई है।

    बेंगलुरु से भेजी गई थी खेप

    पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान शहनवाज ने बताया कि मोबाइलों की यह खेप उसे नवंबर 2025 में बेंगलुरु से कुरियर पार्सल के जरिए भेजी गई थी। यह पार्सल मट्टीपोरा निवासी शोकेट अली राथर, पुत्र अली मोहम्मद राथर, ने भेजा था।

    खबरें और भी

    पुलिस ने जब शोकेट अली के परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि वह नवंबर 2025 से लापता है। इससे मामले की जांच और पेचीदा हो गई है। पुलिस अब शोकेट अली की तलाश के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि बेंगलुरु से मोबाइलों की खेप किसने भेजी और इसका अंतिम गंतव्य क्या था।

    अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच

    मामले में रेलवे पुलिस स्टेशन श्रीनगर में एफआइआर संख्या 3/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 और रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत मामला दर्ज किया है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइलों के स्रोत और कुरियर के जरिए उनकी आपूर्ति की पूरी कड़ी की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद मोबाइल चोरी की किसी बड़ी वारदात से जुड़े हैं या इनके पीछे कोई संगठित अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है।