विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजौरी में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 2 की मौत और चार घायल; LG मनोज सिन्हा ने जताया दुख

Published: Sun, 16 Aug 2026 08:24 PM (IST)

राजौरी के कोटरंका में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ईको वाहन 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिससे दो ...और पढ़ें

राजौरी में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार। फोटो जागरण

राजौरी में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार। फोटो जागरण

HighLights

  1. राजौरी के कोटरंका में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

  2. ईको वाहन 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

  3. हादसे में दो की मौत, चार लोग घायल हुए।

जागरण संवाददाता, राजौरी। राजौरी जिले के कोटरंका के कंडी-मोहड़ा इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि इको वाहन सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा सराह कंडी इलाके में उस समय हुआ, जब पंजीकरण संख्या जेके 11 डी-7667 वाला ईको वाहन कंडी से मोहड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों और संबंधित बचाव दलों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में सवार लोगों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में घायल सभी छह लोगों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांडी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजौरी रेफर किया गया।

जीएमसी पहुंचने पर दो को मृत घोषित किया

जीएमसी राजौरी पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो घायलों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान खादिम हुसैन पुत्र राज मोहम्मद, निवासी धार साकरी, उम्र करीब 29 वर्ष, और शमीम अख्तर पत्नी इबरार अहमद, निवासी रेहान, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई है।

दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम पसर गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन और परिचित जीएमसी राजौरी पहुंचे। अस्पताल परिसर में भी गमगीन माहौल बना रहा।

चार घायलों का जीएमसी में उपचार जारी

हादसे में घायल चार लोगों की पहचान नजीर हुसैन, उम्र 55 वर्ष, पुत्र शाह वली, निवासी धार साकरी, इबरार अहमद पुत्र मोहम्मद आजम, निवासी रेहान,इम्तियाज अहमद पुत्र मोहम्मद आजम, निवासी रेहान और मुहम्मद शकील, उम्र 22 वर्ष, पुत्र मुंशी खान, निवासी रेहान के रूप में हुई है।

सभी घायलों को जीएमसी राजौरी में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

एलजी सिन्हा ने जताया दुख

राजौरी में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हुई जानमाल की हानि से अत्यंत व्यथित हूं। मेरी गहरी संवेदनाएं मृतक के परिवारों के साथ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

तेज रफ्तार की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का संभावित कारण वाहन की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने हादसे के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या वाहन की गति के अलावा कोई अन्य कारण भी दुर्घटना के पीछे था। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हादसे से संबंधित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि पहाड़ी और खाई वाले क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए जाने की जरूरत है। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी संकेतक और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से भी पहाड़ी सड़कों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की सतर्कता की आवश्यकता को उजागर किया है।