नौशहरा में LoC के पास हलचल! बैग लेकर घूमता दिखा संदिग्ध, पूरे इलाके में तलाशी अभियान; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
राजौरी के नौशहरा सेक्टर में एलओसी पर गुरुवार शाम एक संदिग्ध आतंकी देखा गया, जिस पर सुरक्षाबलों ने फायरिंग की। ...और पढ़ें

घुसपैठ की कोशिश के बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर चलाया तलाशी अभियान। (फाइल फोटो)
HighLights
राजौरी के नौशहरा सेक्टर में संदिग्ध आतंकी गतिविधि देखी गई।
सुरक्षाबलों ने संदिग्ध पर फायरिंग की, उसने भी गोली चलाई।
पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान और घेराबंदी जारी है।
जागरण संवाददाता, राजौरी: राजौरी जिले के नौशहरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट गुरुवार शाम एक संदिग्ध आतंकी की गतिविधि देखी गई, जिसके बाद सुरक्षाबल ने फायरिंग की। संदिग्ध व्यक्ति के घुसपैठ की कोशिश की आशंका के चलते पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
शाम करीब 7:15 बजे एलओसी के निकट तैनात जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जो बैग लेकर घूम रहा था। उसे नियंत्रण रेखा और बाड़ के बीच के इलाके में देखा गया। सतर्क जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसकी ओर फायरिंग की।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबल की कार्रवाई के जवाब में संदिग्ध व्यक्ति ने भी दो राउंड गोली चलाई। इसके बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई।
घटना के बाद LOC पर बढ़ाई गई चौकसी
घटना के तुरंत बाद, आसपास के सभी अग्रिम क्षेत्रों में तैनात जवानों को अलर्ट कर दिया गया। नियंत्रण रेखा के समीप आने-जाने वाले संभावित रास्तों और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षाबल ने संदिग्ध व्यक्ति के संभावित ठिकाने और उसके भागने के रास्तों को ध्यान में रखते हुए इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
अधिकारियों के अनुसार, घटना को गंभीरता से लेते हुए व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। जवान जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों, नालों और अन्य संभावित स्थानों की गहन तलाशी ली। अंधेरे और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अभियान को आगे बढ़ाया।
घुसपैठ की आशंका के बीच अग्रिम इलाकों में सुरक्षा और कड़ी
नौशहरा सेक्टर नियंत्रण रेखा से सटा हुआ संवेदनशील क्षेत्र है और यहां सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर रखती हैं। हाल के समय में सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशों की आशंका को देखते हुए अग्रिम इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही मजबूत रखी गई है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि संदिग्ध व्यक्ति अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी मौजूद थे।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में तलाशी और निगरानी अभियान जारी है। अधिकारियों की ओर से अभी तक किसी संदिग्ध के पकड़े जाने या किसी अन्य नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है। तलाशी अभियान पूरा होने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
