बुड्ढा अमरनाथ यात्रा का श्रीगणेश, LG सिन्हा ने किया शुभारंभ; कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बाबा बुड्ढा अमरनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया, जिसके बाद सोमवार सुबह भगवती नगर से श्रद्धालुओं का पहला जत्था पुंछ के लिए रवाना हुआ।

HighLights
एलजी मनोज सिन्हा ने यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया
भगवती नगर से पहला जत्था पुंछ के लिए रवाना हुआ
यात्रा मार्ग पर कड़ी सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित की गईं
जागरण संवाददाता, राजौरी। बाबा बुड्ढा अमरनाथ जी की यात्रा का रविवार शाम को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विधिवत तरीके से शुभारंभ किया। इसके चलते श्रीअमरनाथ यात्रा के आधार शिविर भगवती नगर से सोमवार सुबह छह बजे श्रद्धालुओं का पहला जत्था पुंछ के लिए रवाना हुआ।
यात्रा में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कई नेताओं के अलावा जम्मू के विभिन्न हिस्सों और देश के अन्य राज्यों से श्रद्धालु शामिल होंगे। जम्मू से पुंछ तक यात्रा मार्ग पर सेना, पुलिस व अर्धसैनिकबल की तैनाती रही। स्वास्थ्य, यातायात और अन्य जरूरी सुविधाओं के इंतजाम किए हैं। शाम को श्रद्धालु मंडी (पुंछ) में रुकेंगे और मंगलवार सुबह बाबा के दर्शन करेंगे।
हिंदू परिषद के सदस्य भी रहे मौजूद
जम्मू में शाम को अभिनव थियेटर में कार्यक्रम में उपराज्यपाल के अलावा स्वामी दिनेश भारती, विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ सदस्यों के अलावा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
दोपहर तीन बजे तक बीजी क्षेत्र पार करना अनिवार्य होगा। सुंदरबनी से पुंछ तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात की हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रबंध किए हैं।
सुरक्षाबल भी मौजूद
भोजन, पानी, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सुंदरबनी से पुंछ तक पूरे यात्रा मार्ग पर सेना के जवानों के साथ पुलिस और अर्धसैनिकबल को तैनात किया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। श्रद्धालुओं के साथ सुरक्षाबलों की मौजूदगी रहेगी। सुरक्षा एजेंसियां यात्रा मार्ग की निगरानी के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखेंगी।
