राजौरी में आज ट्रैफिक डायवर्ट, पंजा चौक से सीमा क्रासिंग तक वाहनों की नो एंट्री; घर से निकलने से पहले पढ़ें ये खबर
राजौरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण शहर में सुबह 6 बजे से यातायात डायवर्ट रहेगा, जिसमें पंजा चौक से ...और पढ़ें

राजौरी में स्वतंत्रता दिवस पर यातायात डायवर्जन। (फाइल फोटो)
HighLights
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए राजौरी में यातायात डायवर्ट।
पंजा चौक से शीमा क्रॉसिंग तक नो-ट्रैफिक जोन।
समारोह में आने वालों के लिए छह पार्किंग स्थल।
जागरण संवाददाता, राजौरी। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान राजौरी शहर में वाहनों की आवाजाही बदली रहेगी। जिला पुलिस लाइन (डीपीएल) राजौरी में होने वाले समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
यह व्यवस्था सुबह छह बजे से समारोह की समाप्ति तक लागू रहेगी। लोगों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने औरप्रतिबंधित क्षेत्रों की ओर अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की गई है।
सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन
डीएसपी ट्रैफिक राजौरी-पुंछ एजाज अहमद ने बताया कि समारोह के दौरान शहर में यातायात का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहने की संभावना है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा, ताकि समारोह में आने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
इन रूटों पर रहेगा डायवर्जन
थन्नामंडी-दरहाल: थन्नामंडी और दरहाल की ओर से एनएच-144ए की तरफ आने वाले वाहनों को खेओरा-बेला रोड से ओल्ड बस स्टैंड राजौरी की ओर भेजा जाएगा। एनएच-144ए से थन्नामंडी-दरहाल की ओर जाने वाले वाहन ओल्ड बस स्टैंड राजौरी-बेला रोड का इस्तेमाल करेंगे।
कंडी-बुद्धल: कंडी और बुद्धल से एनएच-144ए की तरफ आने वाले वाहनों को खंडली चौक से ढांगरी-मुरादपुर की ओर मोड़ा जाएगा। एनएच-144ए से कंडी-बुद्धल जाने वाले वाहनों को सलानी से मुरादपुर-ढांगरी मार्ग से भेजा जाएगा। जवाहर नगर से आने वाले वाहनों को पंजा चौक से सलानी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पंजा चौक-शीमा क्रासिंग तक नो-ट्रैफिक
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए पंजा चौक से शीमा क्रॉसिंग यानी यूनिवर्सिटी मोड़ तक का मार्ग नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। यहां सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होगी। पुलिस ने लोगों से इस मार्ग पर वाहन लेकर न आने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने को कहा है।
छह जगह पार्किंग की सुविधा
समारोह में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। न्यू बस स्टैंड सलानी में एचएमवी और एलएमवी दोनों वाहनों की पार्किंग होगी। पीएचई ग्राउंड, एफसीआइ पार्किंग, फायर एंड इमरजेंसी पार्किंग, यूनिवर्सिटी रोड और बायज माडल हायर सेकेंडरी स्कूल में केवल एलएमवी खड़े किए जा सकेंगे।
सड़क किनारे या प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई की जा सकती है। डीएसपी ट्रैफिक राजौरी-पुंछ एजाज अहमद ने लोगों और वाहन चालकों से स्वतंत्रता दिवस के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की। जरूरी यात्रा की स्थिति में निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करने और मौके पर तैनात पुलिस व ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि एडवाइजरी का उद्देश्य यातायात को व्यवस्थित रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को असुविधा से बचाना है।
