विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कठुआ: नाकाबंदी तोड़कर भागी क्रेटा, पूर्व सरपंच और पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश, पीछा हुआ तो चालक कार छोड़कर फरार

Published: Fri, 21 Aug 2026 05:10 PM (IST)

महानपुर में एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने नाकाबंदी तोड़कर पूर्व सरपंच सोनू गुप्ता और उनके साथी को कुचलने का ...और पढ़ें

पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

 पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

HighLights

  1. तेज रफ्तार क्रेटा ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया।

  2. पूर्व सरपंच सोनू गुप्ता और पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश।

  3. पुलिस ने पीछा कर जब्त की कार, संदिग्ध सामान बरामद।

जागरण संवाददाता, बसोहली: महानपुर क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब कथित तौर पर नाकाबंदी तोड़कर तेज रफ्तार से भाग रही एक क्रेटा गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े पूर्व सरपंच महानपुर सोनू गुप्ता और उनके साथी संजीव को कुचलने का प्रयास किया। दोनों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद वाहन चालक गाड़ी को कलोआ लिंक रोड की ओर भगा ले गया। पुलिस, पूर्व सरपंच एवं उसके साथी ने पीछा किया मगर रात का अंधेरा होने के कारण वाहन चालक और उसका साथी भागने में सफल रहे। वहीं पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य संदिग्ध की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच सोनू गुप्ता अपने साथी संजीव के साथ कलोआ लिंक रोड के पास महानपुर डिग्री कॉलेज के नजदीक खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक क्रेटा कार बेहद तेज गति से मोड़ की ओर आती दिखाई दी। सोनू गुप्ता के अनुसार, वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि उन्हें लगा कि गाड़ी सीधे उनकी ओर आ रही है। उन्होंने और उनके साथी ने शोर मचाकर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन उनके बेहद करीब से निकल गया।

पत्थर फेंककर रोकने की कोशिश

सोनू गुप्ता ने बताया कि गाड़ी को रोकने के लिए उन्होंने सड़क किनारे पड़ा पत्थर उठाया और वाहन की ओर फेंककर चालक को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद चालक ने वाहन को कलोआ लिंक रोड की ओर मोड़ दिया और तेज रफ्तार से भागने लगा। दोनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और पुलिसकर्मियों के साथ वाहन का पीछा किया गया।

बताया जा रहा है कि वाहन करीब डेढ़ किलोमीटर तक खराब और दुर्गम रास्ते पर भी तेज गति से दौड़ाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस लिंक रोड पर सामान्य दिनों में ट्रैक्टर चलाना भी मुश्किल माना जाता है, वहां भी वाहन को तेज रफ्तार से भगाया गया। पीछा करने के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहन को घेरने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुछ संदिग्ध सामान मिलने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के अंदर नशीले पदार्थ जैसा संदिग्ध सामान, कुछ पुस्तकें/बुकलेट, सफेद टोपियां तथा पत्थर आदि मिले हैं। हालांकि, इन वस्तुओं की प्रकृति और उनका वाहन में रखे होने का वास्तविक उद्देश्य पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिसकर्मी को भी कुचलने का आरोप

घटना से जुड़ी जानकारी में यह भी सामने आया है कि वाहन ने रास्ते में एक पुलिस नाके को तोड़ते हुए निकलने का प्रयास किया। महानपुर रिहालता मोड़ के पास तैनात पुलिसकर्मी ने भी कथित तौर पर वाहन से बचकर अपनी जान बचाई। इससे पहले वाहन के बसंतपुर सहित अन्य स्थानों पर नाकाबंदी से निकलने की भी जानकारी सामने आई है। इन सभी घटनाओं की पुलिस स्तर पर पुष्टि और जांच की जा रही है।

वाहन का नंबर PB 10 GB 7686 बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूर्व सरपंच ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

पूर्व सरपंच सोनू गुप्ता ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें इलाके में कोई संदिग्ध अथवा अनजान व्यक्ति दिखाई देता है तो वे स्वयं उससे उलझने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हुए संदिग्धों की तलाश जरूरी है और लोगों को रात के समय विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

सोनू गुप्ता ने अपने साथी संजीव की बहादुरी की भी सराहना की और कहा कि घटना के दौरान दोनों की जान बाल-बाल बची। उन्होंने पुलिस को तत्काल सूचना देने और वाहन को कब्जे में लेने के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। देर रात हुई इस घटना के बाद महानपुर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

लोगों का कहना है कि यदि तेज रफ्तार वाहन का संतुलन कुछ और बिगड़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, लगातार नाकाबंदी से निकलने और पुलिसकर्मी को कथित तौर पर कुचलने के प्रयास की बात सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है।

फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध वाहन को जब्त कर लिया है और चालक सहित उसमें सवार अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह, वाहन में मिले संदिग्ध सामान तथा नाकाबंदी तोड़कर भागने की पूरी कहानी स्पष्ट हो पाएगी।