सर जी तुस्सी ग्रेट हो! पढ़ाई में किए नए प्रयोग, 100% रिजल्ट दिलाया; कठुआ के अमोल शर्मा को स्टेट बेस्ट शिक्षक अवार्ड
शिक्षक अमोल शर्मा को शिक्षा में उनके नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए स्टेट बेस्ट शिक्षक ...और पढ़ें

अमोल शर्मा को मिला स्टेट बेस्ट शिक्षक अवार्ड।
HighLights
राजकीय मिडिल स्कूल पथवाल के शिक्षक अमोल शर्मा सम्मानित।
नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के विकास में योगदान।
कोविड में डिजिटल शिक्षा, घुमंतू बच्चों को भी पढ़ाया।
जागरण संवाददाता, हीरानगर। शिक्षा के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहने वाले राजकीय मिडिल स्कूल पथवाल के शिक्षक अमोल शर्मा को शनिवार को स्टेट बेस्ट शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से क्षेत्र के शिक्षा जगत में खुशी की लहर है और विभिन्न वर्गों ने अमोल शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अमोल शर्मा अक्टूबर 2021 से राजकीय मिडिल स्कूल पथवाल में सेवाएं दे रहे हैं। इससे पहले वह राजकीय मिडिल स्कूल नगरोटा गुजरू में कार्यरत रहे। अप्रैल 2016 में शिक्षक के रूप में नियुक्त हुए अमोल शर्मा ने अपनी सेवाकाल के दौरान शिक्षण को केवल कक्षा तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया।
कोरोना काल में डिजिटल माध्यमों से पढ़ाई रखी जारी
कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने पीएम ई-विद्या, जेके ई-पाठशाला डीटीएच चैनल और रेडियो कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा घुमंतू एवं खानाबदोश बच्चों के लिए शिक्षण मॉड्यूल तैयार करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने जेके बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की विज्ञान विषय की पाठ्य पुस्तकों के विकास में भी योगदान दिया है।
पुस्तकालय से पढ़ाई को बढ़ावा
अमोल शर्मा एससीईआरटी तथा डाइट कठुआ में संसाधन व्यक्ति के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ने की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने रोट्रैक्ट क्लब ऑफ जम्मू सिटी के सहयोग से पुस्तकालय की स्थापना करवाई।
वह गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के साथ-साथ अनुभवात्मक अधिगम के लिए विभिन्न प्रकार की शिक्षण-अधिगम सामग्री ,टीएलएम, भी तैयार करते हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किया, जो उनकी मेहनत, समर्पण और प्रभावी शिक्षण पद्धति को दर्शाता है।
शिक्षा में योगदान को मिले कई सम्मान
शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को इससे पहले भी कई स्तरों पर पहचान मिल चुकी है। वर्ष 2022 में उन्हें जिला स्तर पर बेस्ट टीचर अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें रमन साइंस एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन, गुजरात की ओर से नेशनल बेस्ट साइंस टीचर अवार्ड तथा रोटरी क्लब कठुआ की ओर से नेशनल बिल्डर अवार्ड भी मिल चुका है।
स्टेट बेस्ट शिक्षक अवार्ड मिलने पर अमोल शर्मा ने कहा कि शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें सफल और जिम्मेदार नागरिक बनते देखना है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी नवाचारपूर्ण एवं विद्यार्थी केंद्रित शिक्षण के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
