विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चिल्ले कलां ने बढ़ाई ठिठुरन, श्रीनगर में सर्दी ने तोड़ा 50 साल का रिकॉर्ड; आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार

Updated: Sun, 22 Dec 2024 07:35 AM (IST)

कश्मीर में चिल्ले कलां की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हुई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 8.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो पिछले 50 वर्षों में दि ...और पढ़ें

डल झील के पानी में से जमा बर्फ का टुकड़ा उठाकर दिखाता व्यक्ति (फोटो- जागरण)
डल झील के पानी में से जमा बर्फ का टुकड़ा उठाकर दिखाता व्यक्ति (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. श्रीगनर में 133 वर्ष में यह तीसरी सबसे ठंडी रात
  2. जम्मू संभाग में भी न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे
  3. जम्मू-कश्मीर के ऊपरी पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना

जागरण संवाददाता, जम्मू। कश्मीर में सर्दियों के सबसे सर्द मौसम कहे जाने वाले 40 दिन के ‘चिल्ले कलां’ की शुरुआत शनिवार को कड़ाके की ठंड के साथ हुई। श्रीनगर में शुष्क चल रहे मौसम के बीच लगातार शून्य से नीचे बना न्यूनतम तापमान शुक्रवार रात को माइनस 8.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम है। श्रीनगर में पिछले 50 वर्ष में दिसंबर में यह पहली और पिछले 133 वर्ष में तीसरी सबसे ठंडी रात है।

इस साल रिकॉर्ड किया गया था सबसे कम तापमान

मौसम विभाग की ओर से वर्ष 1891 से रिकॉर्ड किए जा रहे तापमान पर नजर डालें तो 13 दिसंबर 1934 को श्रीनगर में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 12.8 डिग्री और 1974 में माइनस 10.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।

जम्मू में इतना रहा न्यूनतम तापमान

इधर, जम्मू संभाग में भी उधमपुर, राजौरी और भद्रवाह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। जम्मू शहर में दिन में कुछ राहत जरूर है, लेकिन सुबह और रात को कंपकंपी बढ़ गई है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतर समय बादल छाए रहेंगे। ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में देर रात से बर्फबारी शुरू होगी, जो सोमवार सुबह तक जारी रहेगी। कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान नए रिकॉर्ड बनाता दिख रहा है।

कोनिबल घाटी का सबसे ठंडा क्षेत्र

पांपोर शहर के बाहरी इलाके में स्थित कोनिबल का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस के साथ घाटी का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। कुपवाड़ा में वर्ष 1998 के बाद सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 7.2 रिकॉर्ड किया गया है। इससे पहले 31 दिसंबर 1998 को न्यूनतम पारा 9.4 रिकॉर्ड किया गया था।

डल झील में जम गई है बर्फ की मोटी परत

कश्मीर में सर्दी का आलम यह है कि अधिकतर तालाब, जलस्रोत व जल आपूर्ति करने वाली पाइपों में पानी जम गया है। डल झील में भी पानी पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। इधर, जम्मू में अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

यह भी पढ़ें- Winter: ठंड ने जमाया कश्मीर, दिल्ली-हिमाचल में बारिश के आसार; यूपी के कई जिलों में छाया कोहरा

  • वर्ष 1934 में माइनस 12.8 और 1974 में माइनस 10.3 डिग्री रहा था न्यूनतम पारा
  • डल झील, तालाब, झरने व अन्य जलस्रोत जमे, जलापूर्ति करने वाली पाइपों में भी पानी जमा
  • जम्मू संभाग में ऊधमपुर, राजौरी और भद्रवाह में भी न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे
  • आज छाए रहेंगे बादल, देर रात से जम्मू-कश्मीर के ऊपरी पहाड़ों पर बर्फबारी के हैं आसार

जम्मू संभाग के स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां 26 से

जम्मू संभाग में समर जोन के अंतर्गत सभी सरकारी व निजी स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। जम्मू के शिक्षा निदेशक अशोक कुमार शर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्कूलों में छुटि्टयां 26 दिसंबर से चार जनवरी, 2025 तक रहेंगी। अगर स्टाफ की सेवा की आवश्यकता पड़ी तो विभाग उन्हें बुला सकता है।

31 दिसंबर को भी ऊपरी पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 23 से 26 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। 27-28 दिसंबर को जम्मू के मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के आसार हैं। चिनाब वैली एवं पीर पंचाल रेंज के उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 29-30 को मौसम शुष्क रहेगा। 31 दिसंबर को कुछ ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

यह भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय फिरन दिवस 2024: लाल चौक पर PM मोदी के कटआउट ने खींचा सबका ध्यान, लोगों ने ली सेल्फी