चीनी के दाम में बड़ी गिरावट! एक्स-मिल भाव 70 से घटकर 45 रुपये हुए, जम्मू में अब भी राहत का इंतजार
चीनी के थोक दाम में तेजी से गिरावट आई है, जो 70 रुपये प्रति किलो से घटकर 44-45 रुपये प्रति ...और पढ़ें

चीनी के थोक दाम में नरमी, उपभोक्ताओं को राहत का इंतजार। (फाइल फोटो)
HighLights
चीनी के थोक दाम 70 से 44-45 रुपये हुए।
जम्मू में खुदरा चीनी अभी भी 60-70 रुपये प्रति किलो।
पुराना स्टॉक खत्म होने में 7-10 दिन लगेंगे।
जागरण संवाददाता, जम्मू। चीनी के दाम में डेढ़ महीने पहले शुरू हुआ तेज उछाल अब धीमा पड़ गया है। जुलाई-अगस्त में 44 रुपये प्रति किलो के आसपास रहने वाली चीनी का एक्स-मिल भाव 70 रुपये किलो तक पहुंच गया था लेकिन सरकारी सख्ती, बाजार में जमा अतिरिक्त स्टाक निकलने और नई खरीद कमजोर पड़ने से अब यह फिर 44-45 रुपये किलो पर आ गया है। हालांकि एक्स-मिल भाव में भारी गिरावट के बावजूद उपभोक्ताओं को अभी इसका पूरा लाभ नहीं मिला है और जम्मू के खुदरा बाजार में चीनी 60-70 रुपये किलो के आसपास बिक रही है।
एक्स-मिल भाव में गिरावट का असर सबसे पहले थोक बाजार पर पड़ता है। देश की बड़ी मंडियों में इसका असर नजर आने के बाद जम्मू जैसे छोटे शहरों में भी आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद हालांकि बंध गई है।
एक्स-मिल और थोक भाव में 2-3 रुपये का अंतर
जम्मू की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के व्यापारियों की माने तो एक्स-मिल और थोक कीमतों के बीच सामान्य तौर पर 2-3 रुपये प्रति किलो का अंतर रहता है, इसमें बाद में भाड़ा जोड़ा जाता है। इसी तरह मिल और खुदरा कीमतों के बीच 7-8 रुपये प्रति किलो का अंतर सामान्य माना जाता है। इसलिए अगर एक्स-मिल भाव में गिरावट आई है तो इसका लाभ अवश्य उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा।
चीनी के दाम
21 जुलाई
थोक : 51 से 53 रुपये प्रति किलो
खुदरा : 55 से 58 रुपये प्रति किलो
10 अगस्त
थोक : 56 से 58 रुपये प्रति किलो
खुदरा : 62 से 67 रुपये प्रति किलो
21 अगस्त
थोक : 62 से 65 रुपये प्रति किलो
खुदरा : 70 से 75 रुपये प्रति किलो
31 अगस्त
थोक : 58 से 63 रुपये प्रति किलो
खुदरा : 68 से 73 रुपये प्रति किलो
आठ सितंबर
थोक : 54 से 57 रुपये प्रति किलो
खुदरा : 60 से 70 रुपये प्रति किलो
प्रति माह जम्मू संभाग में औसतन खपत : चार से पांच टन
खुदरा बाजार में भाव गिरने में लग सकते हैं सात से सात दिन
थोक मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट में आमतौर पर पुराना स्टाक क्लीयर होने में औसतन एक सप्ताह तक का समय लग जाता है। ऐसे में जिन व्यापारियों ने पिछले सप्ताह की महंगी खरीद की है, वो अधिक घाटा लेकर बिक्री करने को तैयार नहीं। यहीं हालात खुदरा बाजार के भी है। कुछ बड़े थोक व्यापारियों की माने तो पिछले एक पखवाड़े में चीनी की बिक्री में उन्हें लाखों रुपये का घाटा उठाना पड़ा है।
पिछले एक पखवाड़े में लगभग हर दिन दाम नीचे आए है लेकिन लगातार कीमतें कम हुई है। खुदरा बाजार में भी जो चीनी एक पखवाड़े पहले तक 80 रुपये प्रति किलो तक में बिक रही थी, वो आज अधिकतम 70 रुपये प्रति किलो बिक रही है। आने वाले दिनों में जब पुराना स्टाक क्लीयर होगा तो दाम स्वयं सामान्य हो जाएंगे लेकिन इसमें सात से दस दिन लग सकते हैं।
