Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू: बारिश में बह गया स्मार्ट सिटी का दावा! सैनिक कालोनी में 25 दिन पुरानी सड़क धंसी, लाखों का नुकसान

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 01:53 PM (IST)

    जम्मू के सैनिक कॉलोनी में 25 दिन पहले बनी सड़क भारी बारिश और जल निकासी के अभाव में धंस गई, जिससे स्मार्ट सिटी के दावों पर सवाल उठ गए हैं। निवासियों ने ...और पढ़ें

    जम्मू के सैनिक कालोनी के सेक्टर सी में बारिश में बर्बाद हुई सड़क।

    जम्मू के सैनिक कालोनी के सेक्टर सी में बारिश में बर्बाद हुई सड़क।

    HighLights

    1. सैनिक कॉलोनी में 25 दिन पुरानी सड़क बारिश में धंसी।

    2. जल निकासी के अभाव में स्मार्ट सिटी परियोजना पर सवाल।

    3. निवासियों ने ठेकेदार पर कार्रवाई और तत्काल मरम्मत की मांग की।

    जागरण संवाददाता, जम्मू: स्मार्ट सिटी जम्मू के मूलभूत बुनियादी ढांचे के दावों को जारी मूसलाधार बारिश ने पूरी तरह धोकर रख दिया है। शहर के पाश इलाके सैनिक कालोनी के सेक्टर-सी में महज 25 दिन पहले बनी सड़क जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पहली ही बारिश में बुरी तरह धंस गई और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई।

    सड़क के धंसने और साथ से गुजरते नाले में मिट्टी के कटाव के कारण आसपास के निवासियों और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है। हालत यह है कि पानी के तेज बहाव और ड्रेनेज न होने से टाइलें उखड़कर धंस गई हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। बैठने के लिए लगाए गए स्टील के बेंच अब ढहती सड़क के किनारे असुरक्षित स्थिति में टिके हैं।

    सैनिक कालोनी के निवासियों में गहरा रोष 

    सड़क के किनारे से गुजर रहे नाले की सही से घेराबंदी न होने के कारण कटाव तेजी से हो रहा है। सड़क की इस दुर्दशा और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सैनिक कालोनी के निवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बीस दिन में सड़क का इस तरह टूट जाना निर्माण सामग्री की बेहद घटिया गुणवत्ता और घटिया इंजीनियरिंग योजना को दर्शाता है। सड़क धंसने से बना गड्ढा और साथ बहता नाला रात के अंधेरे में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

    ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

    निवासियों ने निगम प्रशासन और आयुक्त डॉ. देवांश यादव से मांग की है कि ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, नाले की रिटेनिंग वॉल का निर्माण हो और जल निकासी का पुख्ता प्रबंध करके सड़क की अविलंब मरम्मत करवाई जाए। निगम के ज्वाइंट कमिश्नर फिरदौज काजी का कहना है कि बरसात के बाद मरम्मत कार्य शुरू करवाए जाएंगे।

    निगम आयुक्त के आदेशों पर शुरू हुआ था सौंदर्यकरण

    कुछ महीने पहले जम्मू नगर निगम आयुक्त डा. देवांश यादव ने सैनिक कालोनी के सेक्टर-सी का दौरा किया था। स्थानीय निवासियों को राहत देने और यहां सुबह-शाम सैर करने वाले वरिष्ठ नागरिकों तथा बच्चों की सुविधा के लिए उन्होंने सड़क के कच्चे किनारों पर इंटरलाकिंग टाइलें बिछाने और लोगों के बैठने के लिए विशेष स्टील के बैंच लगाने का कार्य शुरू करवाया था। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र का सौंदर्यकरण करना और सैर करने वालों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना था।

    खबरें और भी

    निकासी न होने से लाखों का बजट पानी में बहा

    लाखों रुपये की लागत से सड़क निर्माण और टाइलिंग का कार्य करीब 25 दिन पहले ही पूरा किया गया था। हालांकि, निर्माण के दौरान जल निकासी की वैकल्पिक या स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। परिणामस्वरूप हाल ही में हुई तेज बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो गया। पानी का सही निकास न मिलने के कारण नवनिर्मित सड़क अंदर ही अंदर धंसने लगी और किनारों पर बिछाई गई इंटरलॉकिंग टाइलें तथा स्टील के बैंच उखड़कर साथ ही गुजरते नाले के मुहाने पर झुक गए।

    क्या कहते हैं लोग

    सैनिक कालोनी निवासी जय सिंह का कहना है कि नगर निगम आयुक्त का यह प्रयास बहुत अच्छा था लेकिन इंजीनियरों ने निकासी का ध्यान नहीं रखा। नतीजतन नीचे से जमीन खिसक गई और लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। मरम्मत कार्य जल्द होना चाहिए।

    चौआदी निवासी सईद आजम का कहना है कि सड़क के कच्चे किनारों को पक्का कर टाइल डाली गई। पानी की निकासी रही नहीं। यह भी इंतजाम नहीं किए गए कि जब पानी आए तो वह सड़क में न जाकर साथ चलते नाले में चला जाए। इसी कारण नुकसान हुआ। लोगों को अच्छी जगह मिली थी।

    सैनिक कालोनी निवासी अरुण सिंह का कहना है कि टाइलें डलने से सुबह-शाम सैर करने वालों को अच्छी जगह मिली थी। बैठने के लिए बैंच भी लगाए गए। 20-25 दिन ही काम पूरा हुए थे। अब सब बर्बाद हो गया। अभी बारिशें जारी हैं। और नुकसान होगा। जल्द मरम्मत कार्य हो। निगम आयुक्त की सोच अच्छी है।