सांबा वालों के लिए खुशखबरी! अब जम्मू नहीं जाना पड़ेगा, अपने ही स्टेशन से पकड़ सकेंगे ट्रेन
सांसद जुगल किशोर शर्मा की केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद सांबा रेलवे स्टेशन पर जल्द ही रेलगाड़ियों का ठहराव फिर से शुरू होगा। ...और पढ़ें

सांबा रेलवे स्टेशन पर फिर रुकेंगी ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।
HighLights
सांबा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव बहाल होगा।
सांसद जुगल किशोर शर्मा ने रेल मंत्री से मुलाकात की।
कोविड के दौरान बंद हुई सुविधा फिर से शुरू होगी।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू संभाग के सांबा रेलवे स्टेशन में जल्द रेलगाड़ियां रुकने लगेंगी। यह फैसला जम्मू के सांसद जुगल किशोर शर्मा की इस मुद्दों पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में बैठक के दौरान हुआ।
सांसद ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री से भेंट कर सांबा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के स्टाप को बहाल करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने रेल मंत्री को इस संबंध में एक पत्र सौंपते हुए आग्रह किया कि कोविड महामारी के दौरान बंद कर दी गई इस व्यवस्था को फिर से बहाल किया जाए। सांबा रेलवे स्टेशन में रेलगाडी का स्टाप न होने के कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
सांबा स्टेशन पर फिर गूंजेगी ट्रेनों की सीटी
सांसद ने कहा कि सांबा के लोगों की यह मांग पूरी तरह जायज है व स्थानीय यात्रियों के लिए इसका विशेष महत्व है। उन्होंने बैठक के दौरान सांबा के नागरिकों की रेल मंत्री से सीधे फोन पर बातचीत भी करवाई, ताकि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं व अपेक्षाओं को सीधे उनके समक्ष रखा जा सके।
इसी बीच मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मौके पर ही संबंधित रेलवे अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सांबा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का हाल्ट बहाल करने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने को कहा।
रेल मंत्री ने सांसद जुगल किशोर शर्मा को आश्वासन दिया कि सांबा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की सुविधा शीघ्र ही दोबारा शुरू कर दी जाएगी। इस पर सांसद ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सांबा के लोगों की यह एक पुरानी मांग थी। इस मांग के पूरा होने से लोगों की उम्मीदें पूरी होंगी। सांबा एक आद्योगिक क्षेत्र है यहां से अकसर रेलगाड़ी से देश के अन्य हिस्सों में जाना होता है। इस उद्योग को भी बल मिलेगा।