सांबा वालों के लिए खुशखबरी! अब मशीनें करेंगी सफाई, 10 कर्मचारियों के बराबर काम, मिनटों में कचरा होगा साफ
सांबा जिले को सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पांच नई बैटरी-संचालित लिट्टर-फ्री मशीनें मिली हैं। ये मशीनें 10 सफाई कर्मियों का काम करेंगी और 15 अगस्त ...और पढ़ें

सांबा में सड़कें साफ करेंगी 5 बैटरी चालित मशीनें।
HighLights
सांबा को मिलीं पांच नई लिट्टर-फ्री सफाई मशीनें।
एक मशीन करेगी 10 सफाई कर्मियों के बराबर काम।
15 अगस्त से पहले सेवा में समर्पित होंगी मशीनें।
निश्चिंत सिंह संबयाल, सांबा. जिले में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अब नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। सांबा जिले को पांच नई लिट्टर-फ्री मशीनें मिली हैं, जिनकी मदद से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई आधुनिक तरीके से की जाएगी। ये मशीनें पर्यावरण अनुकूल और बैटरी से संचालित हैं।
इनमें वैक्यूम/सक्शन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे सड़क किनारे पड़े कचरे, धूल और छोटे अपशिष्ट को आसानी से साफ किया जा सकेगा। इससे सफाई कर्मचारियों को भी सुविधा मिलेगी और कम समय में बेहतर सफाई संभव होगी।
10 सफाई कर्मियों का काम करेगी मशीन
उक्त लिट्टर-फ्री मशीन एक साथ 10 सफाई कर्मियों के मुकाबले का काम करेगी, पिछले कई वर्षो से सफाई कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे शहरवासियों को इसे बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
शहर में 17 वार्ड, सफाईकर्मी महज 30
समय के साथ-साथ शहर का विस्तार हुआ। वर्ष 2018 में 17 वार्ड बनाए गए थे। इससे पहले शहर में कुल 13 वार्ड थे और शहर की आबादी महज 12 हज़ार के लगभग थी, आज शहर में 17 वार्ड हैं और इनमें 25 हज़ार से अधिक लोग रहते हैं।
इन सभी घरों से कूड़ा करकट और गलियों एवं नालियों की सफाई के लिए 100 से अधिक सफाई कर्मचारियों की आवशकता है, जिसके लिए यह लिट्टर-फ्री मशीन मील का पत्थर साबित होगी।
राजमार्ग को साफ़ सुथरा बनाने में होगी अहम
सांबा शहर में पल्ले बहुत पसंदीदा व्यजंन हैं। पल्ले खाने के बाद लोग कटोरी और नैपकिन सड़क पर ही फेंक देते हैं, जिसको साफ़ करने के लिए सफाई कर्मचारियों को खासी मेहनत करनी पड़ती है।
उक्त सफाई को मिनटों में साफ़ करने के लिए यह काफी मददगार साबित होगी। यह मशीन चलने के बाद सांबा शहर के अधीन आने वाला जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग बिलकुल साफ़ और सुथरा दिखाई देगा।
शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने का लक्ष्य
सांबा नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोध राज भगत ने बताया कि नई मशीनों के मिलने से जिले की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी। इन मशीनों का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा, ताकि सांबा को और स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके।