जम्मू तवी-साबरमती एक्सप्रेस को लेकर बड़ा अपडेट, बुकिंग रोकने के निर्देश, रेलवे के पत्र से बढ़ी हलचल
Sabarmati-Jammu Tawi Express: रेलवे ने साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस की बुकिंग रोकने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेन ...और पढ़ें
-1786345053958_m.webp)
साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस बुकिंग पर रेलवे का बड़ा फैसला।
HighLights
साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस की बुकिंग रोकने की प्रक्रिया शुरू।
उत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे को दिए निर्देश।
यात्रियों को आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करने की सलाह।
जागरण संवाददाता, जम्मू। साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे ने ट्रेन संख्या 19223/19224 साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस की बुकिंग रोकने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में उत्तर रेलवे के मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक कार्यालय की ओर से पश्चिम रेलवे के वाणिज्यिक विभाग को पत्र भेजकर ट्रेन की बुकिंग बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे बोर्ड की ओर से 20 जुलाई 2026 को जारी संदेश और उत्तर रेलवे के पांच अगस्त 2026 के पत्र का हवाला देते हुए यह निर्देश जारी किया गया है।
तारीख मिलते ही जारी होगी अधिसूचना
पत्र में कहा गया है कि प्रस्तावित बदलाव अग्रिम आरक्षण अवधि के अनुसार लागू किए जाने हैं। इसके लिए ट्रेन संख्या 19223/19224 की बुकिंग रोकने और अग्रिम आरक्षण की अंतिम तिथि तत्काल बताने को कहा गया है, ताकि इसके आधार पर आगे की अधिसूचना जारी की जा सके।
रेलवे की ओर से जारी पत्र में ट्रेन का परिचालन बंद करने या इसे रद्द करने की बात नहीं कही गई है। फिलहाल पत्र में केवल बुकिंग रोकने की प्रक्रिया शुरू करने और नई व्यवस्था लागू करने की तारीख तय करने का उल्लेख है। पश्चिम रेलवे से बुकिंग रोकने की तिथि की जानकारी मिलने के बाद रेलवे की ओर से इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
रेलवे की घोषणा का इंतजार करें यात्री
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन की बुकिंग और परिचालन से संबंधित अंतिम निर्णय की जानकारी यात्रियों को आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से दी जाएगी। ऐसे में फिलहाल यात्रियों को ट्रेन का परिचालन बंद होने को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए। रेलवे की ओर से नई व्यवस्था की तारीख स्पष्ट किए जाने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी।